स्टूडेंट लाइफ। दोस्तों के साथ बिताए पल, जिनमें से बहुत से भूल जाते हैं और कुछ हमेशा के लिए याद रह जाते हैं। वो खास पल एक बार मौका मिले तो फिर से जीने का मन करता है। सैनिक स्कूल कुंजपुरा के पूर्व छात्रों को 50 साल बाद वो मौका मिलने वाला है। जहां 50 साल बाद पुराने दोस्त एक-दूसरे से मिलकर अपनी यादों को साझा करेंगे। बिछड़े यारों से सोशल मीडिया ने उन्हें मिलाया। व्हाट्सएप पर ग्रुप बने, वहां बर्ड-थे विशेस से शुरू हुआ सफर ओल्ड ब्वॉयज मीट तक आ पहुंचा है। 23 नवंबर दोपहर से स्कूल में कार्यक्रम शुरू होगा, जिसमें गोल्डन जुबली इयर(1969) और सिल्वर जुबली इयर(1994) में पढ़ चुके छात्र हिस्सा लेंगे। जबकि 24 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम में 1961 से लेकर अब तक के सभी सत्रों से पूर्व विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। सुबह ब्रेकफास्ट से लेकर डिनर तक सभी साथ रहेंगे।
7000 छात्रों का है डाटा, व्हाट्सएप पर सब कनेक्ट
एसोसिएशन के महासचिव राजेश सांगवान ने बताया कि उनके पास स्कूल शुरू होने से लेकर अब तक पढ़ चुके कुल 7000 छात्रों की रोलनंबर की लिस्ट है। इसी लिस्ट के माध्यम से सभी छात्रों से संपर्क साधा गया। व्हाट्सएप के अलग-अलग सत्र वाइज ग्रुप बनाए गए हैं। इसमें सभी बर्थ-डे और मैरिज एनीवर्सरी विशेस करते हैं।
एक माह पहले से करा दी एयर टिकट बुकिंग
सैनिक स्कूल के पूर्व छात्रों की एसोसिएशन द कुंजियंस.. के महासचिव राजेश सांगवान ने बताया कि 1993 में उनकी एसोसिएशन रजिस्टर्ड हुई थी। कार्यक्रम में देशभर से 300 पूर्व छात्रों के पहुंचने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि ज्यादातर पूर्व छात्रों आने के लिए कंफर्मेशन दी है। इसके उनकी एयर टिकट भी बुक हो चुकी हैं।
कर्नल संत कुमार अपने नाम से बने स्टेडियम में दे रहे तोहफा
स्कूल में कर्नल संत कुमार के नाम से स्टेडियम बना हुआ है। गोल्डन जुबली ईयर यानी 50 साल पहले 1969 बैच में वे यहां पढ़े थे। इसलिए इस बार उनकी ओर से इसी स्टेडियम में दो स्टेज बनवाई जा रही है, जबकि सिल्वर जुबली बैच के छात्रों की ओर से स्कूल स्टाफ रूम का नवीनीकरण कराया जाएगा, जबकि 23 नवंबर को पूर्व छात्रों की ओर से स्कूल के प्रिंसिपल से लेकर सेवादार तक सभी 96 लोगों स्टाफ को सम्मानित भी किया जाएगा।
डॉग शो में आर्मी के प्रशिक्षित कुत्ते दिखाएंगे करतब
स्कूल के पीआरओ सुरेंद्र सांगवान ने बताया कि 24 को पूर्व छात्रों के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा। इससे पहले डॉग शो आयोजित होगा, जिसमें आर्मी के प्रशिक्षित कुत्ते करतब दिखाएंगे। सुबह 9 बजे से देर शाम तक कार्यक्रम चलेगा। इससे पहले 23 नवंबर को दोपहर 3 बजे पूर्व छात्र पहुंचकर स्कूल में यादें ताजा करेंगे। कार्यक्रम में पूर्व छात्रों के परिवार के सदस्य भी हिस्सा लेकर गेम्स खेलेंगे। कार्यक्रम में प्रिंसिपल कर्नल वीडी चंदोला और एसोसिएशन के प्रधान पूर्व मेजर जनरल विशंबर दयाल पूर्व छात्रों का स्वागत करेंगे।
पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा, जनरल दीपक कपूर यही के एलुमिनाई
सैनिक स्कूल कुंजपुरा 1961 में बना था। अब तक स्कूल ने कई मेजर, कमांडर और कर्नल देश को दिए हैं। इनमें जनरल दीपक कपूर, पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, सीनियर आईपीएस अफसर एसएस देसवाल, ओलंपियन कर्नल संत कुमार व ऐड गुरु प्रहलाद कक्कड़ का नाम प्रमुख है।