माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। पुराना नगर निगम कार्यालय की खाली जगह पर मार्केट बनेगी। स्मार्ट सिटी के तहत यहां दुकानें बनाई जाएंगी। वर्तमान में खाली जगह के चारों और जिनकी दुकानें हैं, उन्हें इतने आकार की नई दुकानें मार्केट बनने के बाद अलॉट की जाएंगी। इस मार्केट के बनने के बाद पुरानी दुकानों को हटाकर सड़क को भी चौड़ा किया जाएगा। इससे जाम की समस्या से निजात मिलेगी। वहीं नई बनने वाली मार्केट में पार्किंग की सुविधा भी मिलेगी।
इस नए प्रोजेक्ट को लेकर उपायुक्त निशांत यादव ने सोमवार को लघु सचिवालय में कमेटी चौक मार्केट के मौजूदा दुकानदारों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने नई मार्केट से बाजार और व्यापारियों को ले आउट प्लान दिखाते हुए इससे होने वाले फायदे भी बताए। साथ ही व्यापारियों के सुझाव भी लिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त डॉ. मनोज कुमार, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला व समाजसेवी बृज गुप्ता भी शामिल हुए।
अंदर बाहर दो तरह की होंगी दुकानें, बीच में बनेगी पार्किंग
नई मार्केट में ले आउट के अनुसार, अंदर और बाहर दो तरह की इतनी ही दुकानें होंगी, जितनी अब हैं। इनके बीच में रास्ता होगा। जहां ग्राहकों के बैठने के लिए बैंच होंगे, ग्राहक दोनों तरफ जा सकेंगे। इसके बीच की जगह दो लेयर में वाहनों की पार्किंग के लिए इस्तेमाल हो सकेगी।
20 साल पुराने किरायेदारों को मिलेगी मलकियत
सरकार की पॉलिसी के अनुसार जो दुकानदार 20 साल से ज्यादा पुराना है, वह मलकियत ले सकता है। जितने साल पुराना दुकानदार होगा, उतनी ही छूट भी मिलेगी। नगर निगम के रिकॉर्ड में जिसके नाम दुकान है, उसी को नई मार्केट में दुकान मिलेगी। जो किराए पर बैठा है, उसे हटाया नहीं जाएगा। 20 साल पूरे होने पर वह भी मलकियत ले सकता है। जिसके पास एक से ज्यादा दुकान हैं, उसे आगे-पीछे की दुकान मिलेगी।