शहर के रामलीला मैदान में एक युवक का शव मिला है। सूचना मिलने पर थाना शहर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। युवक की मौत का कारण अभी मालूम नहीं हो सका है, लेकिन प्राथमिक तौर आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत गर्मी में लू लगने के कारण हुई हो।
मौत का असली कारण पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही मालूम हो सकेगा। फिलहाल पुलिस युवक के शव की शिनाख्त कराने मेें लगी है। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भी युवक के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
मंगलवार को रामलीला मैदान में युवक का शव पड़ा होने की सूचना पर पुलिस के हाथ पांव फूल गए।
जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक के कपड़ों की तलाशी ली, लेकिन कोई कागज पत्र या फिर ऐसा सबूत नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। पुलिस ने करीब चार घंटे तक निकट के क्षेत्र के लगभग सौ से अधिक लोगों को बुलाकर शव को दिखाया। कडे़ प्रयास के बावजूद शव की शिनाख्त नहीं हो सकी।
थाना शहर पुलिस के प्रभारी रणधीर सिंह के अनुसार रामलीला मैदान में शव मिला है। प्रयास के बावजूद शिनाख्त नहीं हो सकी। शिनाख्त नहीं हुई तो 72 घंटे बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। युवक की मौत गर्मी से हुई या नहीं पक्का नहीं कहा जा सकता है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट ही मौत का कारण बता सकती है।