देर रात शहर के वार्ड 10 में करीब आधा दर्जन नकाबपोश युवकों ने एक 45 वर्षीय व्यक्ति पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में घायल व्यक्ति को सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। हमले के पीछे का कारण जमीन विवाद है। करीब दो माह पूर्व भी जमीनी विवाद को लेकर दो गुटों में खूनी संघर्ष हुआ था। उधर थाना इंद्री पुलिस जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, प्रॉपर्टी का कार्य करने वाला इंद्री निवासी ज्ञान नागपाल वीरवार देर रात वार्ड-10 में अपने भाई के घर जा रहा था। जैसे ही वह घर के सामने पहुंचा तो बाइकाें पर सवार करीब आधा दर्जन नकाबपोश युवकों ने उस पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घायल व्यक्ति के भाई रमेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हमलावर उनके घर तक घुस आए थे। इसके बाद हमलावर हवा में हथियार लहराते हुए घटनास्थल से फरार हो गए।
उन्होंने घायल को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया, परंतु हालत गंभीर होने के कारण डाक्टरों ने उसे करनाल स्थित कल्पना चावला मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। काबिलेगौर है कि करीब दो माह पूर्व भी इस मामले को लेकर इंद्री के समीप ही खूनी संघर्ष हुआ था जिसमें पूर्व नगरपालिका प्रधान वेद नागपाल घायल हो गए थे। यह हमला भी उसी मामले से जोड़ा जा रहा है।
मामले की जानकारी देते हुए थाना इंद्री प्रभारी अनिल कुंडू ने बताया कि इंद्री के रहने वाले ज्ञान नागपाल पर हमले की शिकायत मिली है। हमलावरों पर मामला दर्ज किया जाएगा। इस मामले की जांच की जा रही है।