माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कोहरे की वजह से उत्तर रेलवे की करीब 20 ट्रेनें एक महीने से लगातार देरी से चल रही हैं। इनमें दिल्ली से अंबाला जाने वाली आम्रपाली, अमृतसर, मालवा, ऊंचाहार, पानीपत अंबाला लोकल, शान ए पंजाब, नई दिल्ली कुरुक्षेत्र लोकल, पश्चिम एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, पानीपत अंबाला लोकल, झेलम एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं। ये ट्रेन एक माह से करनाल स्टेशन पर एक घंटे से लेकर 10 घंटे तक की देरी से पहुंची हैं। इनमें सबसे ज्यादा इंतजार करवाने वाली ट्रेनें आम्रपाली, अमृतसर, मालवा और ऊंचाहार शामिल रही हैं। दूसरी ओर अंबाला से दिल्ली जाने वाली ट्रेनें इनके मुकाबले कम देरी से पहुंची हैं। कुरुक्षेत्र दिल्ली लोकल, झेलम, दिल्ली इंटरसिटी, सचखंड एक्सप्रेस, गीता जयंती, मालवा एक्सप्रेस और ऊंचाहार शामिल रही हैं। इनमें सबसे ज्यादा देरी से आने वाली ट्रेन शान ए पंजाब रही है। जिसका करनाल रुकने का समय रात को करीब 08:20 का है लेकिन ज्यादातर समय ये ट्रेन घंटों देरी से पहुंचती है।
वीरवार को भी मालवा एक्सप्रेस पौने पांच घंटे की देरी से सुबह 10:45 बजे आई। ऊंचाहार एक्सप्रेस डेढ़ घंटे की देरी से सुबह 07:57 बजे आई। हरिद्वार एक्सप्रेस सवा घंटे की देरी से सुबह 11:10 बजे आई। नई दिल्ली कुरुक्षेत्र लोकल करीब तीन घंटे की देरी से दोपहर को 1:30 बजे आई। गीता जयंती एक घंटे की देरी से दोपहर को 12 बजे आई। पश्चिम एक्सप्रेस पौने दो घंटे की देरी से दोपहर को 02:20 बजे पहुंची। सचखंड एक्सप्रेस पौने तीन घंटे की देरी से शाम को 05:24 बजे आई। सचखंड एक्सप्रेस पौने तीन घंटे की देरी से शाम को 05:24 बजे आई। फाजिल्का एक घंटे की देरी से शाम को चार बजे आई। जम्मू मेल भी एक घंटे की देरी से रात को 11:10 बजे पहुंची। नेताजी एक घंटे की देरी से रात को 12 बजे आई। झेलम एक घंटे की देरी से रात को 12:26 बजे पहुंची।
झेलम ने तीन घंटे कराया इंतजार
अंबाला से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में झेलम एक्सप्रेस तीन घंटे की देरी से सुबह 10:44 बजे आई। ट्रेन नंबर 14508 दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस छह घंटे की देरी से शाम को 04:02 बजे आई। ट्रेन नंबर 14680 दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस सवा तीन घंटे की देरी से शाम को शाम को 03:04 बजे आई। कुरुक्षेत्र दिल्ली लोकल दो घंटे की देरी से शाम को 03:30 बजे आई। लगातार देरी से पहुंच रही ट्रेनों से परेशान हो रहे यात्रियों ने रेलवे से समय से ट्रेनों के परिचालन की मांग की है।