करनाल। जल्दी अमीर बनने की चाह में दो महिलाओं ने डॉक्टर के घर को निशाना बनाया। सेक्टर-13 में घरेलू सहायिका बनकर पहुंची महिला के जाने के बाद घर से लाखों रुपये के आभूषण गायब हो गए थे। पुलिस ने करीब 35 दिन बाद इस चोरी की वारदात को सुलझाते हुए गुजरात के हिम्मतनगर निवासी शोभा और बिहार के भागलपुर जिले के कहलगांव क्षेत्र निवासी ममता देवी को गिरफ्तार किया है।
घटना 13 अक्तूबर की है। घर काम के लिए शोभा को रखा गया था। वह घर में सफाई के लिए आई और करीब एक घंटे बाद चली गई। उसके जाने के बाद घर में रखे आभूषण गायब मिले।
14 अक्तूबर को थाना सिविल लाइन में प्राथमिकी दर्ज की गई। शिकायत के बाद सीआईए-1 की टीम ने 17 नवंबर को शोभा को अटल पार्क से पकड़ा। उसके साथ ममता देवी भी थी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने जल्द अमीर बनने के लालच में चोरी करना स्वीकार किया है। उनके कब्जे से सोने की तीन चेन, दो अंगूठियां और डायमंड टॉप्स की दो जोड़ियां बरामद की गई हैं। जांच में सामने आया था कि महिला को काम पर रखने से पहले उसकी पहचान और पते का सत्यापन भी नहीं कराया गया था।
-
ध्यान रखें
-पहचानपत्र जरूर लें: घरेलू सहायिका का आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र की प्रति अपने पास रखें।
-पुलिस सत्यापन कराएं: काम पर रखने से पहले संबंधित थाने में उसका पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं।
-पूरा पता और मोबाइल नंबर लें: स्थायी पता, गांव, शहर और परिवार के किसी सदस्य का संपर्क नंबर भी दर्ज करें।
-फोटो और जानकारी सुरक्षित रखें: सहायिका की हाल की फोटो और उसकी व्यक्तिगत जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों के साथ साझा रखें।
-पिछले नियोक्ता से जानकारी लें: संभव हो तो पहले जहां काम किया है, वहां के मालिक से उसके व्यवहार और काम के बारे में पूछताछ करें।
-अकेले में घर की जिम्मेदारी न सौंपें: शुरुआती दिनों में उसकी कार्यप्रणाली और गतिविधियों पर नजर रखें।
-कीमती सामान सुरक्षित रखें: नकदी, जेवर और जरूरी दस्तावेज खुले स्थान पर न छोड़ें। अलमारी और लॉकर हमेशा बंद रखें।
-घर की चाबियां न सौंपें: जरूरत न हो तो घर या मुख्य दरवाजे की अतिरिक्त चाबी देने से बचें।
-सीसीटीवी की व्यवस्था रखें: घर के प्रवेश द्वार और सामान्य स्थानों पर कैमरे लगवाएं, लेकिन निजी स्थानों की गोपनीयता का ध्यान रखें।
-संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस को बताएं: कोई सामान गायब होने या संदेह होने पर खुद आरोप लगाने के बजाय पुलिस को सूचना दें।