- 13 दिसंबर से पांच जनवरी तक नई दिल्ली में आयोजित हुई प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कर्ण नगरी के शूटर लवप्रीत ने 10 मीटर एयर पिस्टल की सब जूनियर नेशनल प्रतियोगिता के टीम इवेंट में हरियाणा की तरफ से खेलते हुए स्वर्ण पदक जीता है। यह प्रतियोगिता 13 दिसंबर से पांच जनवरी के बीच करणी सिंह शूटिंग रेंज नई दिल्ली में आयोजित हुई। लवप्रीत की इस उपलब्धि पर पूरे परिवार में खुशी का माहौल है।
लवप्रीत ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम में भी स्वर्ण पदक जीता था। हरियाणा पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप में भी रजत पदक जीतकर लवप्रीत ने जिले के दूसरे खिलाड़ियों के लिए मिसाल कायम की है। कोच मनजीत सिंह ने बताया कि उनकी प्रेरणा से अकादमी के अन्य खिलाड़ी भी बेहतर खिलाड़ी बनकर प्रदेश व जिले का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने बताया कि लवप्रीत पिछले दो साल से सीएचडी सिटी में कर्म भूमि शूटिंग अकादमी में अभ्यास कर रहा है अकादमी के संचालक मनोज फोर ने भी उसकी उपलब्धि पर लवप्रीत को बधाई दी है। उनका कहना है कि लवप्रीत का अगला लक्ष्य ओलंपिक में देश के लिए पदक जीता है, इसके लिए वह प्रयासरत है। लवप्रीत के पिता पवन कुमार ने बताया कि उनका बेटा इस प्रतियोगिता के लिए बहुत मेहनत कर रहा था।