- गणतंत्र दिवस समारोह में सम्मान के लिए उपायुक्त कार्यालय में करना होगा आवेदन
- जिला स्तरीय समारोह में परेड के अलावा मास पीटी शो व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय समारोह में इस बार उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी कर्मचारी और अधिकारियों के अलावा मेधावी विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए उन्हें उपायुक्त कार्यालय या नगराधीश कार्यालय में आवेदन करना होगा। उनकी उपलब्धि के आधार पर ही प्रशासन की ओर से सम्मान के लिए चयन किया जाएगा।
गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी को मनाया जाएगा। समारोह का आयोजन पुलिस लाइन के मैदान या नई अनाज मंडी में किया जाएगा। फिलहाल समारोह स्थल का चयन अभी नहीं हो पाया है, लेकिन सभी के सुझावों पर प्रशासन ने इन दोनों जगहों के नाम ही तय किए हैं। जिला स्तरीय समारोह में परेड के अलावा विद्यार्थियों का सामूहिक मास पीटी शो व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों की ओर से झाकियां निकालीं जाएंगी।
आयोजन स्थल का चयन होने के बाद पूर्वाभ्यास भी शुरू हो जाएगा। करीब पांच दिन पहले पूर्वाभ्यास शुरू करने की योजना बनाई है। एसडीएम करनाल, एमडी शुगर मिल करनाल, नगराधीश, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय और जिला शिक्षा अधिकारी की देखरेख में पूर्व अभ्यास होगा।
उपायुक्त ने कहा कि समारोह के अवसर पर अधिकारी, कर्मचारी, मेधावी छात्रों व खिलाड़ियों, एनजीओ और समाज सेवकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशंसापत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। केवल ऐसे अधिकारियों, कर्मचारियों के नाम सम्मानित होने के लिए भेजें जाए जिन्होंने वास्तव में अपने विभाग के माध्यम से जनता के लिए बेहतरीन कार्य किया हो। इसके लिए उपायुक्त ने बैठक लेकर अधिकारियों की ड्यूटियां तय कर दी है।
19 विभागों की ओर से निकाली जाएगी झाकियां
सरकार की विकासात्मक परियोजनाओं और जन कल्याणकारी योजनाओं को दर्शाने वाली विभिन्न विभागों की झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी। इनमें 19 विभागों का चयन किया गया है। जिनमें पुलिस विभाग, नगर निगम, शुगर मिल करनाल, हरियाणा राज्य परिवहन करनाल, स्वास्थ्य विभाग करनाल, सिंचाई विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, बिजली, बागवानी, स्मार्ट सिटी परियोजना, शिक्षा विभाग, आयुष विभाग, डीआरडीए, पंचायती राज, हैफेड, महिला एवं बाल विकास विभाग, एमएसएमई करनाल तथा जिला रेड क्रॉस सोसाइटी करनाल की झांकी शामिल हैं।
उपमंडल स्तरीय आयोजन के एसडीएम होंगे प्रभारी
जिला स्तरीय आयोजन के ऑलओवर इंचार्ज एडीसी यश जालुका होंगे। इनकी देखरेख में गठित कमेटी की ओर से सांस्कृतिक टीमों का चयन किया जाएगा। इसके अलावा समारोह सभी उपमंडलों पर भी धूमधाम से मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम के ऑल ओवर इंचार्ज संबंधित एसडीएम रहेंगे। उपायुक्त ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि द्वारा 26 जनवरी को मुख्य समारोह में शामिल होने से पहले कर्ण पार्क के पास स्थापित शहीदी स्मारक पर पहुंचकर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस कार्यक्रम के ऑल ओवर इंचार्ज सैनिक बोर्ड के सचिव रहेंगे।