करनाल। शीतलहर से न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। जिले में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री से गिरकर 5.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। तीन दिन बाद शुक्रवार दोपहर बाद सूर्यदेव के दर्शन हुए लेकिन लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को धुंध व कोहरे का असर रहने से देरी से धूप निकलेगी। 16 से 19 दिसंबर तक बादल दिखाई देंगे। 20 जनवरी को मौसम साफ होने का पूर्वानुमान है।
केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. डीएस बुंदेला के अनुसार शुक्रवार के अधिकतम तापमान 12.8 व न्यूनतम 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा। नमी सुबह शत प्रतिशत व दोपहर को 84 प्रतिशत रही। वाष्प दाब 9.1 एमएम रहा। हवा की औसत गति 0.2 किलोमीटर प्रति घंटा रही। एक दिन पहले वीरवार को अधिकतम तापमान 13.2 व न्यूनतम 6.5 डिग्री सेल्सियस था। पिछले वर्ष 14 जनवरी को अधिकतम तापमान 14.6 व न्यूनतम 4.0 डिग्री सेल्सियस था।