कैथ्ाल के गांव खनौदा व सोलूमाजरा के बीच एक कार और दो बाइक में हुई भिड़ंत में एचसीटीएम कॉलेज के एक लेक्चरर और एक लैब टेक्नीशियन की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य लेक्चरर और युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जहां से एक की हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना सुबह साढ़े नौ बजे हुई। जब ढांड की ओर से कैथल एचसीटीएम कॉलेज जा रहे बाइक सवार दो लेक्चरर और एक लैब टेक्नीशियन सहित एक अन्य बाइक पर सवार एक युवक की सामने से आ रही कार के साथ भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार सड़क किनारे गड्ढों में बाइक पर ही पलट गई।
इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने पीजीआई ले जाते हुए दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ढांड एसएचओ रमेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि ढांड निवासी विशाल, जसबीर व सचिन एक बाइक पर और दूसरी बाइक पर गांव ड्योड कारसा जिला करनाल निवासी अनिल भी कैथल की तरफ जा रहा था कि यह हादसा हो गया।
जांच अधिकारी एएसआई रामफल ने बताया कि एचसीटीएम कॉलेज के लैब टेक्नीशियन अनिल की मौके पर ही मौत हो गई थी और गंभीर रूप से घायल इसी कॉलेज के लेक्चरर विशाल और सचिन और डयोड कारसा निवासी जसबीर को कैथल सिविल अस्पताल करवाया गया, जहां से विशाल और सचिन को पीजीआई रेफर कर दिया गया, लेकिन विशाल ने भी रास्ते में दम तोड़ दिया।
एएसआई रामफल ने बताया कि पुलिस ने दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। उधर हादसे के बाद अस्पताल में परिजनों का तांता लग गया।