संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सैनिक स्कूल कुंजपुरा के खेल मैदान में आयोजित अंतर सदनीय कनिष्ठ संवर्ग की हॉकी प्रतियोगिता में कुरुक्षेत्र सदन ने प्रतिद्वंद्वी टीमों को पस्त कर हॉकी प्रतियोगिता जीत ली। प्रतियोगिता में चिलियानवाला सदन द्वितीय, थानेश्वर सदन तृतीय एवं पानीपत सदन चतुर्थ स्थान पर रहा। आर्यन तोमर थानेश्वर सदन को बेहतरीन गोलकीपर व तक्षीष कुरुक्षेत्र सदन को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रधानाचार्य कैप्टन (नौसेना) गुरबीर सिंह ने कहा कि हार और जीत जीवन के दो पहलू हैं। हार के समय में हमें धीरज नहीं खोना चाहिए और जीत में अनुशासन नहीं तोड़ना चाहिए। उन्होंने सैनिक स्कूल कुंजपुरा के खिलाड़ियों पर विश्वास जताया कि विद्यालय के प्रतिभावान खिलाड़ी सैनिक स्कूल सुजानपुर टीरा में होने वाली हॉकी प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।
विद्यालय की कार्यकारी उप-प्रधानाचार्य एवं प्रशासनिक अधिकारी स्क्वाड्रन लीडर सोनिया शर्मा ने खिलाड़ियों से मुख्य अतिथि का परिचय करवाया। कुरुक्षेत्र सदन के छात्र ध्रुव और वेदांश ने इस खेल प्रतियोगिता की कमेंट्री की। इस अवसर पर प्रतियोगिता के संयोजक शुभम तिवारी सहित समस्त शैक्षणिक कर्मचारी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।