माई सिटी रिपोर्टर
हिसार। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) की ओर से आयोजित उत्तर क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता के तीसरे दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। कबड्डी के फाइनल में आईआईडब्ल्यूबीआर करनाल ने सीआईआरबी हिसार को हराया।
केंद्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान की ओर से एचएयू के गिरी सेंटर में आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता के तीसरे दिन शाम छह बजे तक मुकाबले खेले गए। क्रिकेट प्रतियोगिता में सीएसएसआरआई करनाल और सीआईएसएच लखनऊ की टीम फाइनल में पहुंच गई है। दोनों टीमें वीरवार सुबह खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी।
वॉलीबाल शूटिंग स्पर्धा में सीएसएसआरआई करनाल और सीपीआरआई शिमला की टीमें फाइनल में पहुंची हैं। इन दोनों के बीच भी फाइनल मुकाबला वीरवार सुबह खेला जाएगा। बुधवार को इंडोर गेम्स में कैरम, वॉलीबाल और टेबल टेनिस के मुकाबले भी आयोजित किए गए। प्रतियोगिता के समापन समारोह में हांसी के डीसी राहुल नरवाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और विजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित करेंगे।
इस प्रतियोगिता में उत्तर भारत के 23 विभिन्न आईसीएआर संस्थानों के वैज्ञानिक, अधिकारी और कर्मचारी उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, वॉलीबाल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबाल और कबड्डी के मुकाबले कराए जा रहे हैं। 9 मार्च से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में करीब 450 से अधिक खिलाड़ी हिसार पहुंचे हैं। केंद्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान मेजबान की भूमिका निभा रहा है।