माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कर्ण स्टेडियम में चल रही चार दिवसीय हरियाणा सीनियर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन सोमवार को आठ मैच खेले गए। अंबाला व नूंह की टीमों के बीच हुए पहले मैच में अंबाला ने एकतरफा जीत हासिल की। अंबाला ने 7-0 से मैच जीता। नूंह की टीम बिना अंक लिए मैदान से बाहर हो गई। दूसरे मैच में करनाल की टीम ने फतेहाबाद को 5-0 से हराकर जीत दर्ज कराई। तीसरे मैच में चरखी दादरी व यमुनानगर की टीमों के बीच कड़ा संघर्ष रहा। यमुनानगर ने 3-2 अंकों के अंतर से मैच जीत लिया। दिन भर बूंदाबांदी के बावजूद खिलाड़ियों का जोश कम नहीं हुआ।
चौथा मैच हिसार व गुरुग्राम के बीच रहा। इस मैच में हिसार ने एकतरफा जीत हासिल की। हिसार की टीम गुरुग्राम पर भारी रही। हिसार ने 4-0 अंकों के अंतर से आसानी से जीत हासिल की। पांचवें मैच में जींद व रेवाड़ी की टीमें एक-दूसरे पर भारी पड़ी। कोई भी टीम अंत तक अंक प्राप्त नहीं कर पाई। अंत में टाई ब्रेकर में जींद ने 1-0 से मैच अपने नाम किया।
कैथल ने रोहतक को हराया
छठे मैच में कड़े मुकाबले में पानीपत ने सोनीपत को हराकर 2-0 के अंतर से विजय हासिल की। सातवें मैच में कैथल की टीम ने रोहतक की टीम को 3-0 के अंतर से परास्त किया। शाम होने पर कृत्रिम रोशनी के बीच मैच चले। आठवां मैच भिवानी व कुरुक्षेत्र के मध्य हुआ। इस मैच में भिवानी की टीम विजेता बनी। समाजसेवी रोबिन गोलन ने बतौर मुख्य अतिथि खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की। मौके पर भीम सिंह सैनी, विजय शर्मा, नर सिंह कांबोज, जिला फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव रमन सिंह व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
आज इनके बीच होंगे मुकाबले
मंगलवार को प्रतियोगिता के तहत कर्ण स्टेडियम में करनाल व यमुनानगर, हिसार व जींद, पानीपत व अंबाला, कैथल व भिवानी की टीमों के बीच मुकाबले होंगे।