करनाल। सैनिक स्कूलों व पीपीपी मोड पर आधारित सैनिक स्कूलों के नेशनल गेम के प्रथम चरण की इंट्रा-ग्रुप हॉकी प्रतियोगिता (ग्रुप-ए) में मंगलवार को रोमांचक मुकाबले हुए। सैनिक स्कूल कुंजपुरा में आयोजित इस प्रतियोगिता के मुकाबलों में सैनिक स्कूल कपूरथला और सैनिक स्कूल सुजानपुर टीरा की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई मुकाबले जीते। वहीं मेजबान सैनिक स्कूल कुंजपुरा की बालिका टीम ने भी दमदार खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की।
सोमवार शाम खेले गए बालक वर्ग (17 वर्ष से कम आयु) के रोमांचक मुकाबले में सैनिक स्कूल कपूरथला ने सैनिक स्कूल नगरोटा को 2-1 से हराया। बालिका वर्ग में भी कपूरथला की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए नगरोटा को समान 2-1 के स्कोर से मात दी। वहीं बालिका वर्ग के एक अन्य मुकाबले में मेजबान सैनिक स्कूल कुंजपुरा ने मजबूत रक्षात्मक रणनीति के दम पर सैनिक स्कूल सुजानपुर टीरा को 1-0 से पराजित कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
वुडपार्क सैनिक स्कूल को 4-0 से हराया
मंगलवार प्रातःकालीन मुकाबलों में बालक वर्ग (15 वर्ष से कम आयु) में सैनिक स्कूल कपूरथला ने वुडपार्क सैनिक स्कूल को 4-0 के बड़े अंतर से हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। इसी वर्ग के एक अन्य मुकाबले में सैनिक स्कूल सुजानपुर टीरा ने सैनिक स्कूल नगरोटा को 2-1 से हराया। बालिका वर्ग (17 वर्ष से कम आयु) में भी सुजानपुर टीरा की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए सैनिक स्कूल नगरोटा को 4-0 से शिकस्त दी। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट रणनीतिक कौशल, तेज गति, अनुशासन और शानदार खेल भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों के खिलाड़ी जीत के लिए पूरा दमखम लगा रहे हैं, जिससे दर्शकों को लगातार रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।