अंत्योदय सरल पोर्टल के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ आमजन को दिया जा रहा है। गुड गवर्नेंस की दिशा में यह पोर्टल आमजन के लिए लाभकारी साबित हो रहा है। इस समय इस पोर्टल पर सेवाओं का लाभ देने में प्रदेश में कैथल जिला प्रथम स्थान पर है। यह जानकारी डीसी डा. प्रियंका तेतरवाल ने दी। वे वीरवार को लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हाल में सीएम विंडो, सरल पोर्टल विषय के संदर्भ में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहीं थीं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिकायत निवारण पटल यानी सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों या समस्याओं को विभागीय अधिकारी प्राथमिकता से दूर करना सुनिश्चित करें। इस कार्य में किसी प्रकार की कोताही सामने आने पर संबंधित के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि अब तक 16 हजार 470 शिकायतें आईं, जिनमें से 15 हजार 315 का निस्तारण कर दिया गया है। शिकायतें दूर करने में जिले का प्रतिशत 92.99 है। जबकि 526 ओवर ड्यू हो चुकी हैं। डीसी ने ओवरड्यू हुई शिकायतों के संदर्भ में सभी विभागों की समीक्षा की। इस मौके पर एसडीएम ब्रह्म प्रकाश, नवीन कुमार व सुशील कुमार, जिप सीईओ सुरेश राविश, सीटीएम गुलजार अहमद, डीएसपी कुलवंत सिंह, डीआईओ दीपक खुराना, डीडीपीओ कवंर दमन, डीएसडब्ल्यूओ कुलदीप शर्मा, सीएमओ जयंत आहुजा, डीडीए डॉ. कर्मचंद, डीटीपी अनिल नरवाल, डीडब्ल्यूओ विनोद चावला, कार्यकारी अभियंता डॉ. केएस पठानिया, वरुण कंसल, सतपाल, सीएमजीजीए कुनाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।