निसिंग। तीन अवैध कॉलोनियों पर जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) की जेसीबी चली। इसमें करीब 15 एकड़ में पनप रही अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ की गई। जिससे लोगों में खलबली मची रही। इस दौरान भारी पुलिस बल को देखते हुए कोई विरोध के लिए नहीं आया।
जिला नगर योजनाकार कार्यालय की टीम वीरवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नपा सचिव सलिंद्र शर्मा, जेई रामनिवास, जेई रोहित, नगरपालिका जेई रवि भार्गव और पुलिस बल के साथ पहुंची। जेसीबी मशीन चलाकर अवैध निर्माण को हटाया गया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट सलिंद्र शर्मा व जेई रवि भार्गव ने बताया कि पहली कॉलोनी गोंदर रोड पर थी, जो करीब आठ एकड़ में बनाई जा रही थी। यहां सड़कें, रिहायशी प्लॉटों की चहारदीवारी, डीपीसी, सीवरेज पाइप लाइन, दुकानों की चहारदीवारी को पांच जेसीबी मशीनों की सहायता से ढहाया गया है।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट सलिंद्र शर्मा ने बताया कि दूसरी कॉलोनी गोंदर में करीब सवा चार एकड़ में बनाई गई है जिसे जेसीबी की सहायता से हटाया गया है। तीसरी अवैध कॉलोनी भी इसी रोड पर थी, जो तीन एकड़ में बनाई जा रही थी। जिसमें तोड़फोड़ की गई है।
सलिंद्र ने बताया कि कॉलोनाइजरों को कई बार नोटिस जारी करके कॉलोनी विकसित करने के लिए जरूरी अनुमति लेने के आदेश दिए गए थे। इसके बावजूद कॉलोनाइजरों ने न तो मौके पर बनाई जा रही अवैध कॉलोनी का निर्माण रोका और न ही विभाग से किसी प्रकार की अनुमति ली। इसी वजह से यह कार्रवाई अमल में लाई गई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि आगे भी अवैध कॉलोनी काटने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस तरह की अवैध कॉलोनी में प्लाॅट की खरीद फरोख्त के लिए प्रापर्टी डीलरों व दलालों के बहकावे में न आएं और न ही अवैध निर्माण करें।