माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। फिल्मी दुनिया की बातें और अवाॅर्ड शो केवल अब तक टीवी पर ही देखते थे। लेकिन अब कर्ण नगरी के लोगों को पहली बार देशी के साथ-साथ विदेशी संस्कृति को भी पास से देखने का मौका मिलेगा। संस्कृति सोसायटी फॉर आर्ट एंड कल्चर डेवलपमेंट संस्था की ओर से करनाल में छठे हरियाणा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। हिसार और कुरुक्षेत्र के बाद करनाल में इस तरह का आयोजन पहली बार होने जा रहा है। पांच दिवसीय आयोजन में 21 विदेशी सहित कुल 55 फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी। साथ ही प्रदेश के हरियाणवी कलाकारों को भी सम्मानित किया जाएगा।
बुधवार सुबह 11 बजे कार्यक्रम का आगाज होगा। फेस्टिवल डायरेक्टर धर्मेंद्र डांगी और तकनीकी निदेशक नकुल देव के अनुसार पांच दिवसीय आयोजन में रोजाना औसतन 10 फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ-साथ सिनेमा से जुड़े विषयों पर परिचर्चा भी होगी। जिसमें विद्यार्थी और कलाकारों के अलावा सिनेमा से जुड़ी हस्तियां भी शिरकत करेंगी। इसके अलावा फुलझड़ी नाम से विशेष प्रदर्शनी लगेगी। हरियाणवी पहनावा, खाना, फैशन शो, नृत्य, लाइव परफोर्मेंस, बुक फेयर आदि की झलक दिखाई जाएगी। इसके अलावा अंतिम दिन समापन समारोह पर अवाॅर्ड नाइट, फिल्मी पार्टी और फैशन परेड भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। ब्यूरो
आठ हरियाणवी फिल्में हुईं शामिल
फिल्म फेस्टिवल में कुल 55 फिल्मों को शामिल किया गया है। जिनमें 15 देशों की कुल 18 भाषाओं की फिल्में हैं। इनमें हरियाणवी केवल आठ फिल्में ही शामिल हो पाई हैं। फेस्टिवल डायरेक्टर ने बताया कि कार्यक्रम में अलग-अलग दिन में सिनेमा जगत से जुड़ी हस्तियां पहुंचेंगी। इनमें फिल्म अभिनेता यशपाल शर्मा, रितूपरणा सेनगुप्ता, अखिलेंद्र मिश्रा, श्वेता मेनन, हरियाणवी फिल्म एक्टर रघुविंद्र मलिक, रेखा वर्मा सरीन, अनूप लाठर और लेखक जगबीर राठी शामिल हैं। इन्हें विशेष सम्मान से भी नवाजा जाएगा।
सभागार का मंच तैयार
आयोजन को लेकर कॉलेज के सभागार को विशेष रूप से तैयार किया गया है। दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। फिल्म की स्क्रीनिंग के लिए विशेष रूप से पर्दा लगाया है। इसके अलावा फुलझड़ी प्रदर्शनी के लिए अलग से कॉरिडोर में व्यवस्था की गई है। जहां छात्राओं की ओर से दिनभर सजावट का कार्य चलता रहा। आयोजन में संस्था के स्वयंसेवक और कॉलेज के स्टाफ का विशेष सहयोग रहेगा।