माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जिले में कोरोना संक्रमिताें की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। शनिवार को कोरोना के 19 नए केस सामने आए हैं। जिससे कोरोना का खतरा बढ़ रहा है। सभी को स्वास्थ्य विभाग की ओर से आइसोलेट किया गया है। उनके परिवार के लोगों के भी सैंपल लिए गए हैं, जिसकी जांच की जा रही है। हालांकि परिवार के सदस्यों को भी क्वारंटीन कर दिया गया है।
पिछले चार दिन से लगातार कोरोना के केस बढ़ रहे हैं। जिससे जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 61 हो गई है। सिविल सर्जन डॉ. योगेश शर्मा ने बताया कि शनिवार को आठ मरीज कोरोना से मुक्त भी हुए हैं। इनका दोबारा सैंपल लेकर जांच की गई, जिसमें ये निगेटिव आए हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना की पहली लहर से अब तक जिले में 10,80,655 लोगों के सैंपल लेकर जांच की गई है। जिनमें से 50,001 कोरोना संक्रमित पाए गए। इनमें से 49,339 मरीज ठीक हो गए, जबकि 601 की मौत भी हुई है। इस वक्त 61 सक्रिय केस हैं, हालांकि किसी मरीज की हालत नाजुक नहीं है, इन्हें आईसोलेशन में रखा गया है। इनका दोबारा टेस्ट किया जाएगा, रिपोर्ट निगेटिव आने पर आइसोलेशन से हटाया जाएगा और पॉजिटिव आने पर बढ़ाया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जारी की गाइडलाइन
कोरोना के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से गाइडलाइन जारी की गई है। अब कहीं भी 100 या इससे अधिक लोग इकट्ठा नहीं हो सकते हैं। कोविड नियमों का पालन करना अनिवार्य है। मास्क लगाना और दो गज दूरी का पालन करना होगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग लोगों को कोरोना से बचाव के प्रति जागरूक भी करे।
सोमवार और मंगलवार का होगी मॉक ड्रिल
कोविड-19 प्रबंधन के लिए सोमवार और मंगलवार को मॉक ड्रिल की जा रही है। जिसके जरिए अस्पताल के इंतजामों को परखा जाएगा। आईसोलेशन बेड, ऑक्सीजन बेड, आईसीयू बेड, वेंटिलेटर, एंबुलेंस, टेस्टिंग किट, दवाओं, ऑक्जीजन की उपलब्धता आदि का जायजा लिया जाएगा। इस मॉक ड्रिल में संस्थाएं भी हिस्सा लेंगी, जिन्हें एक प्रोफार्मा भरकर पोर्टल पर अपडेट करने के लिए कहा गया है।