आईटीआई चौक के समीप ओवरब्रिज पर कार का पिछला पहिया निकलने से कार डिवाइडर
के ऊपर से होते हुए दूसरी लाइन में दिल्ली की तरफ जा रही कार से जा भिड़ी।
इसमें दिल्ली पहाड़गंज निवासी एक परिवार के तीन लोगों पति, पत्नी व बेटी
की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को कल्पना चावला
राजकीय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में दाखिल कराया गया। पुलिस ने मौके पर
पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को
सौंप दिया।
दिल्ली के पहाड़गंज वासी पति, पत्नी व इनकी बेटी की मौत हुई
है। दुर्घटना के बाद जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कारों
को साइड में करवाकर यातायात को सुचारु रूप से चलवाया। शनिवार सुबह
साढ़े आठ बजे दिल्ली के पहाड़गंज निवासी अशोक (65), पत्नी शीतल (62), बेटी
वंदना (26), पुत्र अनूप (34), पुत्रवधु हिमानी (31) एक कार में दिल्ली से
लुधियाना जा रहे थे। कार को अनूप ड्राइव कर रहा था। लुधियाना अनूप की मौसी
के घर समारोह था और इसमें उन्हें शिरकत करना था।
करनाल के आईटीआई चौक के
ओवरब्रिज पर इनकी कार का पिछला पहिया निकलने से संतुलन बिगड़ गया। कार
डिवाइडर को क्रास करते हुए दूसरी लाइन में चंडीगढ़ से दिल्ली की तरफ जा रहे
मोहाली के सेक्टर-68 वासी एडवोकेट संदीप व उनके मुंशी प्रदीप की कार में
जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारों के परखचे उड़ गए।
हादसे
में अशोक व शीतल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वंदना ने अस्पताल में आकर
दम तोड़ दिया। इसमें अनूप, हिमानी सहित दूसरी कार में सवार एडवोकेट संदीप व
प्रदीप घायल हो गए। घायलों को ट्रामा सेंटर में दाखिल कराया गया है, जहां
उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस दौरान जीटी रोड पर जाम की स्थिति पैदा हो
गई, पुलिस ने दोनों वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया और यातायात बहाल
कराया।
तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है
कि लुधियाना जा रही कार की स्पीड ज्यादा था। यही कारण है कि कार का संतुलन
नहीं बन पाया। यदि कार की स्पीड कम होती तो पहिया निकलने के बाद कार
कंट्रोल की जा सकती थी। स्पीड का कारण था कि उन्हें लुधियाना समारोह में
पहुंचना था। शनिवार को समारोह था और इसलिए वह दिल्ली से सुबह पौने छह बजे
चले थे। सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के
बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। दोनों गाड़ियों को कब्जे में ले लिया है।
मामले की जांच की जा रही है।