करनाल। इग्नू की दिसंबर सत्र की परीक्षाएं एक दिसंबर से शुरू हो रही हैं। 14 जनवरी 2026 तक परीक्षाएं संचालित होंगी। परीक्षा को लेकर करनाल स्थित क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से हिदायत जारी की गई है। परीक्षा केंद्र पर कम से कम 30 मिनट पहले प्रत्येक विद्यार्थी को पहुंचना होगा। इग्नू की ओर से जारी आईडी कार्ड व हॉल टिकट के बिना किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच तथा कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लाने की सख्त मनाही है।
पात्र परीक्षार्थियों के हॉल टिकट जारी कर दिए गए हैं। विद्यार्थी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट से अपने यूजर आईडी और पासवर्ड के माध्यम से समर्थ पोर्टल पर लॉगिन कर हॉल टिकेट डाउनलोड कर सकते हैं। अगर किसी परीक्षार्थी को हॉल टिकट डाउनलोड करने या अन्य किसी प्रकार की परेशानी आती है, तो वो इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल से सीधे संपर्क कर सकता है।
क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्मपाल ने बताया कि क्षेत्रीय केंद्र करनाल के अंतर्गत इस वर्ष कुल 1,72,663 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा संचालन हेतु हरियाणा के भिवानी, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, सिरसा, सोनीपत, पानीपत और रोहतक में कुल 33 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें से 10 परीक्षा केंद्र हरियाणा की विभिन्न जेलों में बनाए गए हैं, जहां कुल 1,479 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
दो सत्रों में आयोजित होंगी परीक्षाएं : निदेशक
क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्म पाल ने बताया कि परीक्षाएं दो सत्रों में आयोजित होंगी, प्रथम सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक, द्वितीय सत्र दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित परीक्षा संचालन के लिए आवश्यक सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। परीक्षा नियंत्रकों के लिए एक ओरिएंटेशन प्रोग्राम भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।