- वाटर बबल गन, स्मोक इफेक्ट गन और पिचकारियों की बिक्री शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। बाजार पर होली का रंग चढ़ने लगा है। दुकानों पर विभिन्न तरह के रंग, अबीर और गुलाल सजने से रौनक बढ़ गई है। रंगों के साथ-साथ इस बार अलग-अलग डिजाइन की आकृतियों वाली पिचकारियों की जबरदस्त मांग है। इलेक्ट्राॅनिक पिचकारी बच्चों को ज्यादा भा रही हैं। इनमें कार्टून करेक्टर, टैंक, गन और मोटराइज्ड पिचकारियां शामिल हैं, जो बैट्री से रंग, रंगीन धुआं और विभिन्न रंगों का गुलाल फेंकते हैं।
दुकानदारों का कहना है कि इस बार वाटर बबल गन, स्मॉक इफेक्ट वाटर गन, म्यूजिकल वाटर गन, सेल्फ-फिलिंग वाटर बैलून्स, हाई-प्रेशर ब्लास्ट पिचकारी और बैकपैक वाटर टैंक पिचकारी की भी खूब मांग है।
इलेक्ट्राॅनिक वाटर कलर गन की अधिक मांग
दुकानदार राजेश कुमार गुप्ता बताते हैं कि इस बार बाजार में इलेक्ट्राॅनिक पिचकारियां, गन, टैंक, अनार, रंगों के पटाखे आदि आए हैं। जिनमें बैट्री डाली जाती है, जो चार्जेबुल भी है, एक बार बटन दबाते ही ये गननुमा पिचकारियां रंग, गुलाल फेंकने लगती हैं। बच्चे इसे आसानी से चला सकते हैं, इसलिए इनकी मांग होली से पहले बढ़ चुकी है।
लड्डू गोपाल के लिए भी आई छोटी पिचकारी
दुकानदार अंशुल गुप्ता ने बताया कि इस बार होली पर अन्य पिचकारी के साथ-साथ लड्डू गोपाल के लिए भी एक छोटी सी पिचकारी आई है, जो इस साल सबसे खास है। उन्होंने बताया कि इस बार कुछ नए डिजाइन वाली पिचकारियां खासकर मोटराइज्ड और प्रेशर वाली पिचकारियां बच्चों को बहुत पसंद आ रही हैं जिनकी कीमत 250 से 300 रुपये में उपलब्ध है। साथ ही म्यूजिकल वाटर गन की भी खूब मांग है, जिसके चलाने पर संगीत की एक धुन सुनाई पड़ती है।
बच्चों के लिए भी कई वैरायटी
दुकानदार रोहित ने बताया कि इस साल पिचकारियों की वैरायटी ज्यादा बढ़ गई है। पहले साधारण प्लास्टिक की पिचकारियां ज्यादा बिकती थीं, लेकिन अब बड़े टैंक वाली पिचकारियां, बैकपैक पिचकारी और हाई-प्रेशर गन पिचकारी, जिनकी कीमत 350 रुपये है, ज्यादा पसंद की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि बच्चे और उनके माता-पिता खास डिजाइन जैसे बार्बी, फौजी, निंजा हथौड़ी और डोरेमॉन कार्टून पर आधारित पिचकारी खरीद रहे हैं।
बैटरी चालित पिचकारी का ज्यादा चलन
दुकानदार साहिल ने बताया कि होली पर्व पर इलेक्ट्रिक और बैटरी चलित पिचकारियों का ट्रेंड देखने को मिल रहा है। इन पिचकारियों की बैटरी खत्म हो जाए तो दोबारा चार्ज कर सकते हैं या नया सेल डाल सकते हैं। इसलिए बच्चों को यह बहुत पसंद आ रही हैं। इसके अलावा, फाइबर और स्टील की पिचकारियां भी आई हैं, जो ज्यादा टिकाऊ होती हैं। 100 से 250 रुपये तक के प्रेशर गन पिचकारी व डबल धार पिचकारी भी खरीदी जा रही है।