- 14 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर में बन रहे कैलाश हॉकी स्टेडियम का निर्माण अब फेज-2 में पहुंच गया है। करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे राष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम के फेज-2 में सड़क का निर्माण किया गया जाएगा। इसके साथ डिजिटल स्कोर बोर्ड लगाए जाएंगे। उम्मीद जताई जा रही है जहां स्टेडियम के फेज-1 का काम अगले तीन महीने में पूरा कर लिया जाएगा वहीं, फेज-2 के काम को पूरा होने पर करीब सात माह का वक्त लगेगा। करनाल स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से फेज-2 के तहत स्टेडियम के निर्माण का टेंडर जारी कर दिया गया है। फेज-2 के निर्माण का प्रस्ताव 27 अप्रैल को तैयार किया गया था, जिसे मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा गया। इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिलने के बाद इसका ई-टेंडर निकाला गया है। जिस पर बिड आने के बाद टेंडर जारी किया जाएगा।
स्टेडियम के क्षेत्र को थोड़ा बढ़ाया गया है। फेज-2 के अंतर्गत इस क्षेत्र की चहारदीवारी बनाई जाएगी। इसके साथ ही स्टेडियम के चारों ओर सड़कें बनाई जाएंगी। ड्रेनेज के लिए पाइप लाइन डालने का काम भी होगा। पूरे स्टेडियम में डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे, जिसमें हॉकी मैच के दौरान स्कोर प्रदर्शित किया जाएगा। इस काम को वर्क आर्डर जारी होने के सात माह में पूरा किया जाएगा। पांच वर्ष तक इस काम का रखरखाव भी करना होगा।
स्टेडियम पर एक नजर
कैलाश हॉकी स्टेडियम का मुख्य मैदान 99.4 मीटर लंबा और 61 मीटर चौड़ा होगा। अभ्यास के लिए मैदान 47.75 मीटर लंबा और 28 मीटर चौड़ा होगा। करीब 27 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में इस हॉकी स्टेडियम को बनाया जा रहा है, जिसमें करीब 14 करोड़ रुपये की लागत आ रही है। अब तक 70 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। इसे स्टेडियम को फेडरेशन ऑफ हॉकी स्टेडियम के मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।
ये मिलेंगी सुविधाएं
स्टेडियम में तीन गैलरियां बनाई जाएंगी और बीच में वीआईपी गैलरी होगी। इस गैलरी का काम भी मई के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके ऊपर शेड डाला जाएगा और नीचे बैठने के लिए कुर्सियां लगेंगी। गैलरी के नीचे वीआईपी. लाउंज, खिलाड़ियों के लिए कमरे, चेंजिंग रूम और शौचालय रहेंगे।
फेज-2 के लिए टेंडर निकाला गया है। इसके तहत स्टेडियम के चारों और सड़क बनाने के साथ एक ओर की चहारदीवारी और डिजिटल बोर्ड आदि लगाए जाएंगे। वर्क ऑर्डर जारी करने के बाद जल्द काम शुरू किया जाएगा।
- रामफल, जीएम, करनाल स्मार्ट सिटी लिमिटेड