माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने सोमवार को घरौंडा हलके के गुढ़ा, बेगमपुर, खोरा खेड़ी, शाहजहांपुर, रायपुर जाट्टान और फुरलक गांव का धन्यवादी दौरा किया।
उन्होंने तीसरी बार विधायक चुनने के लिए हलके के लोगों का आभार जताया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। गुढ़ा गांव में कार्यक्रम के दौरान हेल्पडेस्क भी स्थापित किया गया। जिस पर लोगों ने परिवार पहचान पत्र संबंधी करीब 20 शिकायतें दर्ज कराई।
पेंशन संबंधी 25 में से 10 शिकायतों का इस डेस्क के माध्यम से निपटारा किया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने वादा किया कि पांच सालों में विकास के सभी वाजिब कामों को पूरा कराया जाएगा। ग्रामीणों ने पगड़ी पहना, पुष्प गुच्छ देकर और शाल ओढ़ाकर उनको सम्मानित किया। बेगमपुर के ग्रामीणों ने उन्हें भगवान श्रीराम और गुरु रविदास का चित्र भेंट किया। हरविंद्र कल्याण ने कहा कि घरौंडा हलका पहले भी उनका परिवार था, आज भी है और आगे भी रहेगा। वे हलका वासियों की सेवा के लिए हर समय तैयार हैं।
करीब डेढ़ महीने में हलके के सभी 104 गांवों का दौरा पूरा कर लिया जाएगा। दौरे के दौरान वे भविष्य में कराए जाने वाले विकास कार्यों का ब्योरा भी ले रहे हैं। जरूरी कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी लेकिन थोड़ा संयम रखना होगा। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले पांच सालों में कोरोना के कारण विकास कार्यों की गति जरूर धीमी हुई लेकिन इस बार पिछली सारी कसर पूरी कर दी जाएगी। जो कार्य पाइप लाइन में हैं उन्हें पूरा कराया जाएगा।
नए प्रोजेक्ट का भी सर्वे कराकर उन्हें पूरा कराया जाएगा। मौके पर उनके साथ घरौंडा के एसडीएम राजेश सोनी, सरपंच प्रतिनिधि अजय, बेगमपुरा में पवन कल्याण, सरपंच रणजीत, विकास गोयल, संजय खैंची, दिलावर, पूर्व सरपंच रमेश मौजूद रहे।