संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। नगला रोडान के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आठवीं कक्षा के विद्यार्थी को च्युइं गम खाने से मना किया तो उसके परिजनों ने स्कूल के इंचार्ज सहित दो अध्यापकों पर हमला कर दिया।
स्कूल इंचार्ज पर कस्सी से वार कर दिया जिससे उसकी नाक की हड्डी टूट गई। उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया है। इस वारदात से डरे स्टाफ ने स्कूल जाने से मना कर दिया है। सोमवार को सेक्टर-12 में जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय पहुंचे और सुरक्षा की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घायल संस्कृत के अध्यापक पवन कुमार के अनुसार 13 दिसंबर को सोशल साइंस के अध्यापक पूर्ण सिंह आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षा ले रहे थे। इसी दौरान एक छात्र कक्षा में च्युइं गम चबा रहा था। जिस पर शिक्षक ने छात्र को डांट दिया।
गुस्से में छात्र कक्षा को छोड़कर घर चला गया। कुछ समय बाद उस छात्र का पिता बलवान व चाचा शेरखान बाइक पर स्कूल में आए और उस अध्यापक के साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान स्कूल इंचार्ज पवन कुमार बीच बचाव करने आए और अन्य स्टाफ के साथ मिलकर उन्होंने छात्र के पिता व चाचा को एक रूम में बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी।
उस कमरे में कस्सी भी थी। दोनों आरोपियों ने दरवाजा तोड़ दिया और बाहर आते ही उस पर कस्सी से हमला कर दिया। उसने हाथ में कुर्सी उठाकर अपना बचाव किया। इस दौरान उसकी नाक की हड्डी टूट गई। स्कूल में झगड़ा होता देखकर विद्यार्थी डर गए और इसकी वीडियो बना ली। इस बारे में पंचायत भी हुई। पुलिस को शिकायत दे दी है।
स्कूल के स्टाफ का कहना है कि वह उस स्कूल में बच्चों को नहीं पढ़ा सकते हैं। स्कूल में अध्यापक सुरक्षित नहीं हैं। विद्यार्थियों के अभिभावक उन पर हमला करते हैं। वह ऑनलाइन ही विद्यार्थियों को पढ़ा देंगे लेकिन स्कूल नहीं जाएंगे।