संवाद न्यूज एजेंसी
जुंडला। स्वास्थ्य विभाग ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जुंडला में वीरवार को एक अभियान के तहत पीने के पानी के नमूने एकत्रित किए।
टीम ने आइस फैक्ट्री, जय श्री बाला जी आरो प्लांट, जय श्री बाला सुंदरी आरो प्लांट व सरकारी वाटर सप्लाई से आने वाले पानी के नमूने लिए। स्वास्थ्य कर्मी जयदेव ने बताया कि आने वाली गर्मी के सीजन को देखते हुए पीने के पानी के नमूने एकत्रित किए गए हैं ताकि लोगों को पीने का शुद्ध और बैक्टीरिया रहित पानी उपलब्ध हो सके।
इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कमर कस ली है। उन्होंने कहा कि बहुत सारी बीमारियां जैसे उल्टी, दस्त, हैजा, टाइफाइड, बुखार व अन्य पेट संबंधी रोग गंदे हाथों से खाना खाने व पीने के पानी में गंदगी होने से फैलते हैं। ये नमूने एकत्रित कर पीएच लैब करनाल भेजे गए हैं।
सरपंच प्रतिनिधि सतीश नरवाल और भाजपा के पूर्व मंडलाध्यक्ष यादविंद्र आहुजा ने कहा कि कई बार घरों में गंदा पानी आ जाता था जिससे लोगों को राहत मिलेगी। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के इंस्पेक्टर हरिंद्र सिंह, मेहर सिंह, जयदेव व प्रीत मौजूद रहे।