बल्ला कोहंड मुख्य मार्ग पर हांसी नहर के समीप एक तेल टैंकर और रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रली की भिड़ंत से टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल टैंकर चालक गांव मूनक निवासी सुनील को ट्रामा सेंटर मेें भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे घना कोहरा होने के चलते सड़क में मोड़ आने पर दोनों चालकों को वाहन दिखाई नहीं दिए। इससे दोनों वाहनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई।
टैंकर बीकानेर से रिफाइनरी में तेल लेने जा रहा था, जबकि ट्रैक्टर-ट्राली कोहंड की तरफ से बल्ला की ओर जा रही थी। दुर्घटना से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे कई घंटे तक रास्ता जाम हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर क्रेन से सड़क के बीच पड़े दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर रास्ता खुलवाया। ट्रैक्टर चालक ट्राली दुर्घनास्थल पर छोड़ मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।