करनाल। मोरमाजरा गांव में किसान दल सिंह की हत्या के आरोप में मूनक थाना पुलिस ने मोहित उर्फ मोलड़ को गिरफ्तार कर रविवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब के लिए पैसे देने के विवाद में गुस्से में आकर उसने हत्या कर दी थी।
पुलिस के अनुसार मोहित ने बताया कि शुक्रवार को दल सिंह खेत में बैठकर शराब पी रहा था। वह भी मौके पर चला गया। दल सिंह ने उसे शराब नहीं पिलाई। कहने लगे कि अपने पैसों की शराब लेकर आओ और पिओ। इस बात पर दल सिंह और मोहित की बहस हो गई। तैश में आकर आरोपी ने खेत में रखी लोहे की रॉड से दल सिंह पर हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में दल सिंह की मौत हो गई।
पुलिस ने मृतक के भतीजे की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी।पुलिस ने मोहित को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने दल सिंह की हत्या करने के बारे में कबूल कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त रॉड को भी बरामद कर लिया। अब पुलिस बाकी लोगों से पूछताछ कर रही है।
बता दें कि 22 अगस्त की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे गांव मोरमाजरा के दलसिंह की हत्या की गई थी। प्राथमिक जांच में सामने आया कि दल सिंह के सिर पर गहरी चोट की वजह से उसकी मौत हुई थी। थाना मूनक प्रभारी बृजपाल ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। अब पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।