करनाल (वि)। सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल में रविवार को हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों को हरियाणा के इतिहास से जुड़ी जानकारियां विस्तार से बताई गई जिनमें हरियाणा कब बना और कैसे बना जैसे प्रमुख बातें शामिल रहीं। इस दौरान विद्यार्थियों ने हरियाणा की संस्कृति को झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। वहीं हरियाणवी नृत्य व गायन की कलाएं भी प्रस्तुत की गई। इस मौके पर स्कूल प्रबंधक पप्पून नायक, प्रधानाचार्य सिस्टर गोल्डी और मीनू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मंत्री ने धर्मशाला प्रबंधन समिति को दिए 11 लाख रुपये
करनाल। सेक्टर-4 में प्रजापति समाज की धर्मशाला का निर्माण किया जा रहा है। धर्मशाला के भव्य निर्माण के लिए हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने 11 लाख रुपये की अनुदान राशि का चैक धर्मशाला की प्रबंधन समिति को सौंपा। बीती 13 जुलाई को गुरु दक्ष प्रजापति जयंती राज्य स्तरीय समारोह में मंत्री ने हर संभव सहायता का वादा किया था। इस मौके पर मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सभी महापुरुषों के सम्मान में राज्य स्तरीय कार्यक्रम किए जा रहे हैं। मेयर रेणु बाला गुप्ता, विधायक राम कुमार कश्यप, भाजपा जिला प्रधान प्रवीण लाठर, सांसद प्रतिनिधि कविंद्र राणा, भाजपा किसान सेल चेयरमैन विनोद राणा, एसडीओ धर्मवीर आर्य, राममेहर ठेकेदार आदि मौजूद रहे।
मां मुझको ऐसा घर दे जिसमें तुम्हारा मंदिर हो...
करनाल। एकता एवं सद्धभावना ग्रुप की ओर से पुरानी हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी के मंदिर वाले पार्क में मां भगवती चौकी का आयोजन किया गया। जागरण में मां भगवती की महिमा का गुणगान करते हुए कलाकार खैराती लाल और पवन कुमार ने ‘मां मुझको ऐसा घर दे जिसमें तुम्हारा मंदिर हो, जोत जले दिन रात तुम्हारी तुम मंदिर के अंदर हो’ और ‘दातिये नमो नमो’ भजन गाकर सभी को भावविभोर कर दिया। मां की चौकी में श्रद्धालुओं ने माथा टेका परिवार की सुख शांति की कामना की। पंडित अशोक ने प्रधान प्रेम भाटिया, केएन गुप्ता, कमल, राजन, विशाल अरोड़ा, राहुल, चणजीत, अंशु चावला, पवन और एलआर शर्मा से पूजा कराई।