नीलोखेड़ी में चोरों ने समाना बाहू के समीप जीटी रोड पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से डेढ़ लाख रुपये की चीनी चोरी कर ली। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रक ड्राइवर अरविंद सिंह व क्लीनर सोनू नरेला से चीनी के 306 कट्टे लोड कर जालंधर रवाना हुए थे।
ट्रक ड्राइवर अरविंद ने बताया कि रात करीब दो बजे नींद की झपकी लगने पर ट्रक को समाना बाहू के समीप रोका और सड़क किनारे खड़ा कर दिया। ट्रक रोकने के बाद ट्रक ड्राइवर अरविंद व क्लीनर सोनू ट्रक को लॉक करने के बाद चैंबर में जाकर सो गए।
सुबह पौने पांच बजे दोनों की नींद खुली और ट्रक का मुआयना करने के लिए नीचे उतरे। नीचे उतरने पर उन्होंने देखा कि ट्रक का डाला खुला हुआ था। ट्रक में रखे चीनी के कट्टों की जांच की गई तो 101 कट्टे गायब मिले। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। ट्रक मालिक गुरमेज सिंह व चीनी मालिक सुशील गाबा भी थाना बुटाना पहुंच गए। एसएचओ श्रीदत्त शर्मा ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
छब्बीस पशु मुक्त करवाए, चार काबू
इंद्री की ब्याना चौकी पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर 26 पशुओं समेत चार पशु तस्करों को काबू किया है। पुलिस ने इनके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियिम के तहत मामला दर्ज किया है। ब्याना चौकी पुलिस पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि अवैध रूप से पशुओं से भरी गाड़ी यमुना के रास्ते उत्तर प्रदेश जाएगी। सूचना के आधार पर हेड कांस्टेबल के नेतृत्व में टीम गठित कर गांव सैयद छपरा के समीप पुलिस नाका लगाया हुआ था।
पशुओें से भरी गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया तो चालक ने भागने का प्रयास किया, परंतु पुलिस ने जिला सहारनपुर के गंगोह निवासी हरीश व रहमान को काबू कर लिया। इनके कब्जे से 21 पशुओं को मुक्त कराया गया है। वहीं, एक और गाड़ी से ब्याना पुलिस ने गंगोह निवासी शरफराज व जयकिशन को काबू किया। पुलिस ने इनके कब्जे से 5 पशुओं को मुक्त कराया है।
कम तेल देने पर बवाल
असंध के जींद मार्ग स्थित एक फिलिंग स्टेशन पर कथित तौर पर कार की टंकी में कम डीजल भरने पर हुए विवाद व उपभोक्ता के साथ मारपीट के आरोपों के बीच लोगों ने फिलिंग स्टेशन के समीप असंध-जींद मार्ग पर जाम लगा दिया। उपभोक्ता के समर्थन में जुटे लोगों ने सड़क के बीचाेंबीच वाहन खड़े कर यातायात अवरुद्ध कर दिया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची असंध पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को उपयुक्त कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इस बीच सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई। स्कूलों में छुट्टी के समय जाम की स्थिति के बीच आम यातायात के अलावा स्कूली वाहन भी फंसे रहे व बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पानीपत निवासी अशोक कुमार ने बताया कि उसने अपनी कार में पंप से 500 रुपये का डीजल डलवाया था। उसकी कार ऐसे इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों से लैस है, जो डाले गए डीजल के आधार पर माइलेज का ब्यौरा अंकित करती है। यह देखकर हैरानी हुई कि जब डीजल डलवाने के बाद उसके परिमाण में माइलेज की स्थिति देखी तो एक चौथाई ही अंकित हुई।
जब उसने इसकी शिकायत फिलिंग स्टेशन संचालक से की तो उसके बेटे व कुछ कारिंदों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। यही नहीं, उसके एक साथी के साथ लाठी डंडों से मारपीट शुरू कर दी गई। यह माजरा देख वहां बड़ी संख्या में एकत्रित लोगों ने रोषस्वरूप जाम लगा दिया। उधर, फिलिंग स्टेशन संचालक सतपाल सिंह ने बताया कि दरअसल झगड़ा स्वयं उपभोक्ता व उसके साथियों ने किया था, उन्होंने ही मारपीट का सिलसिला शुरू किया था।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले लोगों को समझा बुझाकर जाम खोलने पर राजी किया व दोनों पक्षों को अपना पक्ष रखने के लिए पुलिस स्टेशन बुलवाया। समाचार लिखे जाने तक दोनों ही पक्षों के लोग थाने में बुलवा लिए गए थे। उधर दोनों ही पक्षों के बीच समझौते व आपसी मनमुटाव दूर करवाने के प्रयास भी जारी थे।