नगर में शुक्रवार की देर रात दुकान बंद करके घर जा रहे सराफ पर बदमाशों ने हमला कर दिया। उसके हाथ में थमा ज्वैलरी और नगदी से भरा थैला छीनने की कोशिश की। सराफ ने थैला नहीं दिया। छीनाझपटी के दौरान बदमाशों ने उसे घायल कर दिया। भागते बदमाशों में से एक आरोपी को आसपास के लोगों ने दौड़ा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नीलोखेड़ी बीडीपीओ कार्यालय के समीप सराफ की दुकान का मालिक प्रेम वर्मा शुक्रवार की रात साढ़े आठ बजे जब दुकान बंद करके अपनी एक्टिवा पर सवार को होकर अपने घर जा रहा था। जब वह अपने घर के सामने गली में पहुंचा तो पीछे से बाइक सवार दो बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। प्रेम वर्मा से उसका बैग छीनने की कोशिश की, जिसमें नगदी और ज्वैलरी थी। प्रेम ने बैग नहीं छोड़ा।
विरोध करने पर बदमाशों ने धारदार हथियार से उसके सिर पर प्रहार किए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग इक्कठे हो गए। लोगों के आने पर बदमाश भागने लगे तो लोगों ने उनमें से एक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी युवक को कब्जे में ले लिया है। उससे पुलिस अभी पूछताछ कर रही है।
दूसरा आरोपी युवक भागने में सफल हो गया। परिजनों ने प्रेम वर्मा हमले में अचेत हो गया है। होश में आने पर ही पता चलेगा कि बैग में कितनी राशि और जेवर थे। घायल सराफ को सरकारी अस्पताल दाखिल करवाया है। वहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। एसएचओ नीलोखेड़ी कंवर सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवक ने अपने साथी का नाम बताया है, उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।