माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/असंध। कपड़े का काम करने वाले गांव उपलाना के पाल समाज के प्रधान सुमेर चंद (51) की पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने चौथे आरोपी उपलाना के प्रमोद को गिरफ्तार किया। उसे शुक्रवार को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले में कुल 21 आरोपियों पर केस दर्ज हुआ था, इनमें से 17 अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।
पिछले दिनों पकड़े गए तीसरे आरोपी मोनू को दो दिन के रिमांड और उपलाना निवासी शीशपाल और सोनू को चार दिन के रिमांड के बाद जेल भेजा जा चुका है। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल डंडों को बरामद किया गया।
असंध थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि रिमांड के दौरान प्रमोद की निशानदेही पर अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। 20 अगस्त को पुरानी रंजिश के चलते गांव में दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। झगड़े में एक पक्ष की ओर से दूसरे पक्ष सुमेर चंद व उसके परिवार पर हमला किया गया। इस दौरान घायल सुमेर चंद की मौत हो गई। परिवार के अन्य सात लोगों को भी चोटें आई थीं। 21 अगस्त को पुलिस ने केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी थी।