माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/घरौंडा। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर एक बाइक सवार चार छात्र अज्ञात वाहन की टक्कर से सड़क पर गिर गए जिनमें से रोहित (18) और प्रियांशु (17) को पीछे से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया, इससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। जबकि प्रिंस (17) की हालत गंभीर होने पर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया और चौथा साथी विकास (17) को हल्की चोटें आई हैं। चारों मूल रूप से बिहार और कोहंड में रेलवे फाटक के पास गुल्फी वाली गली में किराये के मकान में परिजनों के साथ रहते थे। कोहंड चौक पर बर्गर खाने के बाद वे मंगलवार की शाम स्कूल की यूनिफॉर्म और बैग लेने घरौंडा जा रहे थे। हादसे के बाद दोनों वाहन चालक वाहन लेकर भाग गए। घरौंडा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी ने बताया कि मंगलवार की शाम हाईवे पर आहूजा पेट्रोल पंप के नजदीक अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद ये बाइक सवार छात्र सड़क पर गिर गए थे और एक ट्रक रोहित और प्रियांशु के ऊपर से गुजर गया। मुंह पर पहिया चढ़ने के कारण दोनों के चेहरे साफ नहीं थे। ऐसे में कपड़ों से उनकी पहचान हुई। पुलिस को राहगीरों ने हादसे की सूचना दी। घरौंडा थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया और दोनों घायलों को अस्पताल में उपचार के लिए भेजा। विकास को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि प्रिंस की हालत गंभीर है। रोहित 12वीं और अन्य तीनों 10वीं के छात्र हैं।
इकलौता बेटा था प्रियांशु, बुलाने आए थे दोस्त : प्रियांशु घरौंडा के सैंचुरी स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ता था। वह अपने घर का इकलौता बेटा था, उसकी दो बहनें हैं। पिता और परिवार के अन्य सदस्य हादसे के बाद किसी से बात करने की स्थिति में नहीं थे। प्रियांशु के पिता रमेश ने बताया कि दो लड़के उसे घर से बुलाने आए थे। तब वह गली में खेल रहा था तो उनके साथ चला गया। बाद में लोग पूछने आए कि प्रियांशु ने कैसे कपड़े पहने थे। कपड़ों से उसके शव की पहचान हुई।