- पकड़े गए आरोपियों में चार जींद तो एक सोनीपत का शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। मानपुरा गांव में महिला की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले एक आरोपी छह दिन के रिमांड पर चल रहा है।
मूनक थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि जींद के शिवाह गांव निवासी आरोपी अभिषेक को 16 मार्च को जींद के खेड़ी तलौड़ा से गिरफ्तार किया था। आरोपी को 17 मार्च को अदालत में पेश कर छह दिन के रिमांड पर लिया गया। इसके बाद स्पेशल यूनिट असंध की टीम ने मंगलवार को जींद के टोहाना निवासी हितेश उर्फ काकू, मोहनगढ़ छापड़ा गांव निवासी आकाश उर्फ छोटी, खटकड़ गांव निवासी रोहित उर्फ बच्ची, सोनीपत के मदीना गांव निवासी शुभम को गिरफ्तार किया।
इन आरोपियों ने 12 मार्च को मानपुरा में रात आठ बजे घर में घुसकर दलबीर व उसकी पत्नी सुमित्रा व बेटे सचिन पर गोलियां चलाई थीं। जिसमें सुमित्रा की मौत हो गई थी। दलबीर और सचिन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दलबीर के दूसरे बेटे मोहित की शिकायत पर मूनक थाने में आठ लोगों को नामजद कर अन्य के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद मामले की जांच में सामने आया है कि एक आरोपी अंकित वारदात के समय घायल हो गया था। जिसका इलाज चल रहा है। आरोपी और पीड़ित पक्ष के बीच पिछले वर्ष मार्च महीने में झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों पर दो मामले दर्ज हैं। जो अदालत में विचाराधीन है। इसी कारण यह विवाद बढ़ा।