पुलिस की वाहन चोरी निरोधक दस्ता टीम ने मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों से 14 मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इनमें से एक आरोपी गुरजंट प्रेमिका को महंगा उपहार देकर खुश करना चाहता था लेकिन रुपये न होने के कारण उसने मोटरसाइकिल चोरी करना शुरू कर दिया। पुलिस ने उससे चोरी की नौ मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार टीम ने 20 मई को पहले आरोपी गुरजंट उर्फ जंटा निवासी गांव संगोहा जिला करनाल को चोरी की एक मोटरसाइकिल सहित रामनगर करनाल से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी की नौ वारदात का खुलासा किया। आरोपी ने अप्रैल व मई 2022 के दौरान थाना सदर करनाल के क्षेत्र में दो वारदात, थाना सिविल लाइन क्षेत्र में तीन वारदात, थाना शहर व थाना सेक्टर-32/33 के क्षेत्र में दो-दो वारदात को अंजाम दिया था। इन सभी मामलों में आरोपी के कब्जे से कुल सात मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह और मोटरसाइकिलों को चोरी करके इन्हें बेचने के लिए अपने घर ही सेल-परचेज का काम शुरू करने वाला था लेकिन करनाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दूसरे आरोपी ताहिर उर्फ राहुल निवासी गंगोह उत्तर प्रदेश हाल मंगलपुर चौक करनाल को चोरी की एक मोटरसाइकिल सहित कुंजपुरा रोड करनाल से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने थाना सेक्टर-32/33 के क्षेत्र से मोटसाइकिल चोरी की दो वारदात को अंजाम देने का खुलासा किया। आरोपी से वे दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ पहले भी मोटरसाइकिल चोरी के चार मामले दर्ज हैं। आरोपी इन मामलों में फिलहाल जमानत पर बाहर आया हुआ था।
तीसरे आरोपी गुरपीत उर्फ गोपी निवासी गांव संगोहा जिला करनाल को चोरी की एक मोटरसाइकिल सहित नेवल से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देने बारे खुलासा किया गया। इन वारदातों में थाना इंद्री की दो वारदातें व थाना घरौंडा की एक वारदात शामिल है। आरोपी के कब्जे से तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। आरोपी द्वारा नशा पूर्ति के लिये मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देने के बारे में खुलाया किया। वहीं नाबालिग आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल सहित मंगलपुर करनाल से काबू किया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा कुल चार वारदातों को अंजाम देने का खुलासा किया गया। आरोपी से चारों मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ पहले भी महिला के कान की बाली स्नैचिंग करने का मामला दर्ज है। नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करके बाल सुधार गृृह भेजा गया।
बाक्स
स्पलेंडर मोटरसाइकिल को करते थे चोरी
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ज्यादातर स्पलेंडर मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। बिना पार्किंग के भीड़भाड़ एरिया में खडे़ वाहन या बिना पार्किंग के ही एकांत जगह में खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। जिसके बाद आरोपी वाहन की रैकी करते थे और मौका पाकर पुरानी चाबी या डुप्लीकेट चाबी लगाकर लॉक खोलकर या फिर लॉक खुली मोटरसाइकिलों का प्लग निकालकर उन्हें डायरेक्ट करके चोरी कर ले जाते थे। करनाल पुलिस की आमजन से अपील है कि अपने वाहन को बिना पार्किंग के, एकांत जगह या भीड़भाड़ वाली जगह पर अपनी बिना देखरेख के कहीं भी खड़ा न करें। हमेशा किसी अधिकृत पार्किंग में ही अपना वाहन खड़ा करें।