इसराना। डाहर गांव की पूर्व सरपंच शांति देवी और उसके बेटे आजाद पर घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया गया। पूर्व सरपंच ने गांव की ही तीन महिलाओं समेत आठ लोगों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि पुरानी रंजिश में आरोपियों ने उनके घर में घुसकर लाठी, डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली।
पूर्व सरपंच शांति देवी ने बताया कि कुछ लोग मंगलवार दोपहर को तेज हथियार व डंडों के साथ उसके घर में घुस गये और मारपीट शुरू कर दी। उनका बेटा आजाद बीच बचाव के लिए घर पर पहुंचा तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। शांति देवी ने बताया कि पिछले वर्ष नवंबर में भी इन्हीं आरोपियों ने उन पर हमला किया था और वह केस इसराना थाना में दर्ज है। सभी आरोपी धमकी दे रहे थे कि तुम्हें केस दर्ज कराने का सबक सिखाते है। इसराना थाना प्रभारी महीपाल ने बताया कि शांति देवी की शिकायत पर पवन, मुंशी, अमन, भोला उर्फ अरूण, अजय व उनके परिवार की तीन महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।