गांव निगदू की पंचायत का इतिहास भी काफी रोचक रहा है। यहां पिछले पांच साल के दौरान पांच लोगों के हाथों में गांव की चौधर लगी। गांव के लोगों को ये तक मालूम नहीं होता था कि गांव का सरपंच कौन है। वर्ष 2010 में ग्राम पंचायत के चुनाव महिला के पक्ष में होने के कारण सर्वजीत कौर को सरपंच बनाया गया था।
पंचायत के रिकार्ड में गड़बड़ी होने से कोर्ट के आदेशों के अनुसार उसे सरपंच पद से हटा दिया। ग्रामीणों ने अधिकारियों से गांव के विकास कार्यों को चलवाने के लिए पंच आंगद राणा को दो महीने तक सरपंच बनाया। उसके बाद पंच रामपाल को 19 दिन तो पंच सुमन देवी को छह दिन के लिए सरपंच बनाया गया। वहीं ग्राम पंच रामदिया ने 17 दिन कार्यवाहक सरपंच का कार्यभार संभाला।
जिले से करीब 40 किलोमीटर की दूरी पर स्थित कस्बे निगदू में अबकी बार पंचायत चुनावों को लेकर काफी जोर लगाया जा रहा है। 24 जनवरी को होने वाले चुनाव में कस्बे के 4965 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। पंचायत उम्मीदवार चौधर आने से पहले ही वोटरों के घर मिठाईयां व अन्य सामान भेंट कर रहे हैं। सरपंच व पंच एक, दूसरे प्रत्याशी को हराने का चैलेंज बनाए हुए हैं।
पिछले पांच साल के पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत अपना सही कार्य दिखाने में नाकामयाब रही। इसके कारण निगदू कस्बा अन्य गांवों के विकास कार्यों से कहीं 10 साल पीछे पिछड़ चुका है। गांव में 80 एकड़ के करीब पंचायती जमीन है लेकिन उसके बावजूद गांव में विकास कार्य नहीं हो सके। गांव की अधिकतर गलियां कच्ची तो वहीं गलियों में नालियों का पानी खड़ा रहता है।
छह उम्मीदवार अजमा रहे अपनी किस्मत
कस्बे में पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मियां बढ़ गई है। चुनावों की तारीख न आने व नामांकन न भरने से पहले तो कस्बे में दर्जन उम्मीदवार चौधर के लिए अपने पोस्टर व चर्चाएं शुरू कर दी थी। लेकिन नामांकन भरने तक केवल छह उम्मीदवार ही सामने आए। इनमें सुभाष चंद डोडा. रमेश चुचरा, दर्शन शर्मा उर्फ गग्गू, गोविंद राणा, विष्णु राणा, सूरज राणा मैदान में हैं।
20 वार्डों में से 13 बने सर्वसम्मति से पंच
पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में कस्बा निगदू के 20 वार्डों में से 13 वार्डों पर सर्वसम्मति से पंचों को चुना गया। वार्ड एक से पुष्पा रानी, वार्ड दो से सविता, वार्ड तीन से बलजिंद्र कुमार, वार्ड छह से रीना रानी, वार्ड सात से ममता, वार्ड नौ से सूबा सिंह, वार्ड 11 से सूरज कुमार, वार्ड 12 से संतोष कुमारी, वार्ड 15 से नरेश कुमार, वार्ड 17 से विनोद कुमार, वार्ड 18 से जगदीप, वार्ड 19 से सोहन लाल सहित उक्त वार्डों में सभी को सर्वसम्मति से चुना गया। 13 पंचों में से पांच महिला पंचों को सर्वसम्मति से पंच चुना गया, बाकी बचे सात वार्डों में चुनाव लड़ा जाएगा।