संवाद न्यूज एजेंसी
इंद्री। शहर के एक निजी स्कूल में बच्चे की पिटाई को लेकर स्कूल चेयरमैन और अभिभावक के बीच हुई हाथापाई में बच्चे के पिता के खिलाफ इंद्री पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। बुधवार को स्कूल चेयरमैन व बच्चे के पिता के बीच बहस हुई थी जोकि बाद में हाथापाई में तबदील हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़े को शांत करवाया। बाद में दोनों पक्षों ने मेडिकल करवा रिपोर्ट के साथ पुलिस को कार्रवाई के लिए शिकायत दी। इस मामले में जहां बच्चे के अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज करवाई, वहीं स्कूल प्रबंधन ने भी अभिभावकों के खिलाफ स्कूल में घुसकर मारपीट करने की शिकायत सौंपी।
हालांकि मामले को लेकर बुधवार को दोनों पक्षों में दिनभर पंचायतों का दौर चलता रहा लेकिन दोनों पक्षों में समझौता नहीं हो सका। इसके बाद वीरवार को इंद्री पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बच्चे के पिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी। जांच अधिकारी विक्रमजीत ने बताया कि स्कूल प्रबंधन की शिकायत पर बच्चे के पिता के खिलाफ मारपीट करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं आगामी जांच जारी है।