करनाल। कैथल नहर पुल के समीप रात के समय सवार कार तीन युवकों ने ट्रक चालक के साथ मारपीट कर पांच हजार रुपये छीन लिए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ट्रक चालक दिलावर सिंह ने बताया कि वह निसिंग से चावल के कट्टे भरकर गुजरात के लिए रवाना हुआ था।
जब वह करनाल में कैथल नहर पुल पर पहुंचा पीछे से एक कार आई और उसने उसके ट्रक के आगे कार खड़ी कर दी और ट्रक से उसे उतारकर मारपीट की। उन्होंने पहले उसे कार में बैठाने का प्रयास किया फिर नहर में फेंकने की बात कही। उन्होंने शराब पी थी। वे कह रहे थे कि चावल के कट्टे उतारकर दे और शराब पीने के लिए रुपये दे। जब उसने रुपये नहीं दिए तो उसकी जेब से पांच हजार रुपये निकालकर ले गए। रामनगर थाना प्रभारी किरण ने बताया कि सूचना मिलने पर रात को पुलिस मौके पर पहुंच गई थी लेकिन ड्राइवर ने अभी तक लिखित शिकायत नहीं दी है।