घरौंडा। अराईपुरा गांव में जमीन विवाद के चलते दो भाइयों में लाठी-डंडे चले। जिसमें दोनों पक्षों से कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
अराईपुरा निवासी गोपाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसका अपने भाई आटी सिंह के साथ जमीन विवाद चल रहा है। इसी रंजिश में आठ जुलाई को उसके भाई आटी व अन्य ने उस पर व उसके बेटे गौरव व सौरभ पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उनके पास पिस्तौल भी थी। इस हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं। बाद में सरकारी अस्पताल में मेडिकल करवाया और पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस ने आटी सिंह, प्रवीण कुमार, निशांत कुमार, निशांत, रोहित, प्रेमलता व अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।
वहीं अराईपुरा के प्रवीण कुमार ने गोपाल व अन्य लोगों पर घर में घुसकर उसके माता-पिता, पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने बताया है कि वह सात जुलाई को हरिद्वार गया था। आठ जुलाई को गोपाल व अन्य ने उसके माता-पिता, पत्नी व बच्चों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जिसमें उसके परिवार के लोगों को गंभीर चोटें आईं। वह आठ जुलाई की रात 12 बजे घर पहुंचा और घायलों का मेडिकल करवाने के बाद पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने गोपाल, गौरव व सुशीला देवी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।