करनाल। त्योहारों में शहर में गश्त, नाकाबंदी और सख्ती बढ़ाने के लिए पुलिस चौकसी के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। बेखौफ बदमाश एक के बाद एक वारदात को अंजाम देते हुए पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। बड़ी बात यह है कि जिन जगहों पर पुलिस का ज्यादा पहरा है, वहीं पर लूट की वारदात हो रही हैं। एक सप्ताह में ऐसे छह मामले सामने आ चुके हैं।
आरोपी रेकी करके वारदात को अंजाम दे रहे हैं। अकेली बैठी या अकेली जा रही महिलाओं को ही निशाना बनाया जा रहा है। अधिकांश घटनाओं में बाइक पर सवार दो आरोपी वारदात कर रहे हैं। एक व्यक्ति हेलमेट पहना हुआ बाइक को स्टार्ट रखता है तो चश्मा पहने दूसरा व्यक्ति महिलाओं की पीछे से चेन खींच लेता है। जिन जगहों पर वारदात हुई हैं, वहां पर सीसीटीवी कैमरे भी लगे थे। इसके बावजूद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की स्थिति देखें तो सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद भी आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता नहीं मिल पा रही है। करनाल शहर के कुंजपुरा रोड और कर्ण गेट मार्केट सहित अन्य बाजारों में 82 जवान सुरक्षा में लगे हैं। दावा है कि नाकाबंदी के अलावा पेट्रोलिंग भी की जा रही है। इसके बाद भी बदमाश वारदात करने का दम दिखा रहे हैं। बाजारों के अलावा सेक्टरों व कॉलोनियों में भी वारदात हो रही हैं।
चिंताजनक : ढाई साल में 45 प्रतिशत मामलों में पुलिस के हाथ खाली
पुलिस की कार्रवाई के ग्राफ पर नजर डालें तो ढाई साल में करीब 45 प्रतिशत चेन और पर्स स्नेचिंग के मामलों में पुलिस के हाथ खाली हैं। वर्ष 2023 से लेकर अब तक के करीब ढाई साल में कुल 231 मामले सामने आए। इनमें से 130 मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 250 आरोपियों को गिरफ्तार किया। 100 मामले ऐसे हैं, जिनका आज तक खुलासा नहीं हुआ है। गठित टीमें केवल सीसीटीवी फुटेज खंगालने तक सीमित हैं, दबिश देने पर भी आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगे।
इस वर्ष यह रहे मामले-
वर्ष
केस
खुलासा
गिरफ्तारी
2025
30
12
29
2024
82
42
89
2023
118
69
123
कुल
230
130
250
डीसी और एसपी आवास के नजदीक भी हुई वारदातें
अगस्त माह में माल रोड पर उपायुक्त और एसपी आवास के नजदीक व सेक्टर-8 पार्ट दो में महिला के गले से सोने की चेन झपटने और सेक्टर-32 में थाने के नजदीक से मोबाइल छीनने की वारदात भी हुईं। पिंगली चौक से ट्रैक्टर चालक से मारपीट करके 30 हजार रुपये छीन लिए गए। सेक्टर-8 के मामले को छोड़कर अन्य सभी के आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। ये वो जगह हैं जहां हर समय पुलिस का पहरा रहता है। इन सड़कों पर पुलिस की नाकाबंदी भी है और सीसीटीवी भी लगे है।
(जनता की आवाज)
पुलिस सामने होते हुए भी भाग रहे बदमाश
लगातार वारदात से लोग दहशत में हैं। दयाल सिंह कॉलोनी की पूजा सचदेवा, अर्पित, ममता और अल्फा सिटी की ललिता का कहना है कि शहर के प्रमुख बाजार, दुकानों और घरों पर बैठी महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं। पिछले दिनों सेक्टर-32 और माल रोड जैसे वीआईपी क्षेत्रों में वारदात हुईं। अब आरोपी बाजारों में घुस आए हैं। चौराहों पर बैठे पुलिसकर्मी के सामने से बदमाश भाग रहे हैं। जब पॉश क्षेत्र के ये हालात हैं तो अन्य इलाकों में क्या हालात होंगे। उन्होंने पुलिस से शहर में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
इस सप्ताह ये हुईं छीना झपटी और लूट की वारदात
- 14 अक्तूबर को दयाल सिंह कॉलोनी में किराने की दुकान पर बैठी पूजा सचदेवा से सामान लेने के बहाने आए टी-शर्ट पहने और चश्मा लगाए आरोपी ने डेढ़ तोले की चेन लूट ली। वह दूर खड़ी बाइक सवार दूसरे आरोपी के साथ भाग गया।
- 12 अक्तूबर को कुंजपुरा रोड से दयाल सिंह कॉलोनी में बहू के साथ खरीदारी करनी आई अल्फा सिटी निवासी ललिता के गले से तीन तोले का सोने का मंगलसूत्र दो बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिया। यह आरोपी भी चश्मा पहने हुए था। उनकी बाइक पर छोटे फॉन्ट में नंबर लिखा था।
- 11 अक्तूबर को सेक्टर-8 में करवाचौथ की रात को चांद के इंतजार में घर के बाहर बैठी बुजुर्ग महिला की चेन झपट ली गई। दो बाइक सवार आरोपी पता पूछने के बहाने महिला के नजदीक आए थे। आर्टिफिशियल चेन को वे सोने की समझकर ले गए थे।
- 10 अक्तूबर को सेक्टर-9 स्थित सारा ज्वैलर्स के संचालक के आवास पर घरेलू सहायिका की मदद से बुजुर्ग मां और एक कर्मचारी को बेहोश करके दो आरोपी गहने और नकदी लूट कर ले गए। मामले के चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
- 09 अक्तूबर की रात को हरियाणा पुलिस अकादमी के पीटीसी गेट के नजदीक सिकरी गांव निवासी रवि (21) को चार आरोपियों ने लूट के इरादे से रोका था। जब उसके पास कुछ नहीं मिला तो चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। ये चारों आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
पुलिस की ओर से सख्ती बरती जा रही है। शहर में निगरानी और चौकसी पहले से बढ़ाई है। अब तक जो मामले सामने आए हैं, इनमें टीमें गठित करके जांच की जा रही है, जल्द आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। लोग भी सावधानी बरतें। - गंगाराम पूनिया, एसपी करनाल