करनाल। मासूम जश हत्याकांड में हत्यारोपी अंजलि एकबार फिर आत्महत्या का प्रयास कर सकती है। इस संबंध में एसपी गंगाराम पूनिया की ओर से जेल अधीक्षक को पत्र लिखा जाएगा। साथ ही अवगत कराया जाएगा कि पहले भी हत्यारोपी अंजलि तीन पर आत्महत्या का प्रयास कर चुकी है।
एसपी ने बताया कि अंजलि मनोरोगी है और डिप्रेशन के दौरान ही उसने जश हत्याकांड को अंजाम दिया है। हत्या की वारदात के बाद और उससे पहले भी दो बार वह आत्महत्या का प्रयास कर चुकी है। एक बार जहर खाकर तो एक बार हाथ की नस काटकर। ऐसे में अंजली जेल में कोई ऐसा कदम न उठा ले, इस बारे में वह जिला जेल के एसपी को अवगत कराएंगे और पत्र भी भेजेंगे, ताकि अंजलि पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने बताया कि अभी मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने आरोपी अंजलि और उसके पति विकास व राजेश के मोबाइल को एफएसएल में भेजा हुआ है। वहां उनके मोबाइलों का डाटा रिकवर कराना है, ताकि उनकी जांच की जा सके कि जश हत्याकांड मामले में इनकी तो कोई भूमिका नहीं है।
स्पेशल क्राइम में रखा जाएगा जश का मामला
एसपी ने बताया कि जश हत्याकांड का मामला स्पेशल क्राइम में रखा जाएगा, जिसमें इस मामले की जांच तेजी से होगी और उसी तेजी से कोर्ट में भी पैरवी होगी, ताकि जल्द से जल्द जश के आरोपियों को सजा मिल सके।
आरोपी के खिलाफ पुख्ता सबूत
पुलिस के अनुसार, आरोपी अंजलि मानसिक रोगी है। इसी कारण पुलिस ने आरोपी अंजलि के खिलाफ पुख्ता सबूत एकत्रित किए हैं ताकि कोर्ट में अंजलि का बचाव न हो सके।
डॉक्टरों के ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा, तभी मिलेगी पूरी जानकारी
एसपी ने बताया कि डॉक्टरों का कहना है कि उन्हें अंजलि को ऑब्जर्वेशन में रखना होगा, तभी डॉक्टर अंजली की बीमारी की पूरी जानकारी दे पाएंगे। फिलहाल अंजलि मानसिक रोगी है, यह सही है।