फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: किसानों ने निकाला मार्च, चीनी मिल के बाहर दिया धरना

विज्ञापन
किसानों ने निकाला मार्च, चीनी मिल के बाहर दिया धरना - फोटो : किसानों ने निकाला मार्च, चीनी मिल के बाहर दिया धरना
विज्ञापन
गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग, सीएम आवास पर प्रदर्शन की चेतावनी
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। गन्ने के भाव में मात्र 15 पैसे प्रति किलो की बढ़ोतरी से नाराज किसानों ने शनिवार को सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर विभिन्न किसान संगठनों ने मेरठ रोड पर पैदल और ट्रैक्टर मार्च निकालकर शुगर मिल के बाहर प्रदर्शन किया। किसान मिल के गेट पर एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई।
इसके साथ ही शुगर मिल प्रबंधक को ज्ञापन साैंपा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक दिसंबर तक सरकार ने गन्ने के दाम 600 रुपये प्रति क्विंटल नहीं किए तो किसान कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश अध्यक्ष रतन मान ने बताया कि गन्ने के भाव में बढ़ोतरी की मांग पूरी न होने तक पूरे प्रदेश की मिलों के बाहर प्रदर्शन किए जाएंगे।
विज्ञापन

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को किसान संगठनों ने सोनीपत शुगर मिल पर आंदोलन किया था। अब आगे जींद, नारायणगढ़, यमुनानगर सहित अन्य जिलों की मिलों के बाहर प्रदर्शन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस बार तो मिल चल जाएगी, लेकिन अगले साल किसान गन्ने की खेती छोड़ देंगे तो मिल का संचालन बंद हो जाएगा।
किसानों ने कहा कि पांच वर्षों में चीनी के खुदरा दाम में करीब 31 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है, जबकि गन्ने के भाव में इस अवधि में अपेक्षाकृत बेहद कम इजाफा किया गया है। गन्ना उत्पादक किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। किसानों का कहना था कि उत्पादन लागत लगातार बढ़ रही है। खाद, बीज, कीटनाशक, डीजल, बिजली और कृषि मजदूरी महंगी होने से खेती का खर्च बढ़ गया है। ऐसे में महज 15 पैसे प्रति किलो की बढ़ोतरी किसानों के साथ अन्याय है।
विज्ञापन

चीनी के दाम के हिसाब से बढ़ाए जाएं गन्ने के भाव : रतनमान
रतन मान ने कहा कि सीएम खुद को किसान का बेटा बताते हैं, दूसरी ओर, किसानों के साथ अन्याय कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस हिसाब से चीनी के भाव बढ़ रहे हैं, उसी हिसाब से गन्ने के भाव में बढ़ोतरी होनी चाहिए। चीनी अब 60 से 70 रुपये के बीच बिक रही है, इसलिए गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल बनता है। किसानों ने सवाल उठाया कि जब बाजार में चीनी महंगी हो रही है तो गन्ना उत्पादकों को इसका लाभ क्यों नहीं दिया जा रहा। किसान नेताओं ने बताया कि 26 नवंबर को किसान आंदोलन के छह साल पूरे होने पर टिकरी बॉर्डर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दाैरान आंदोलन में शहीद हुए किसानों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। साथ ही शहीद किसानों की स्मृति के लिए सरकार से दो एकड़ जमीन देने की मांग उठाई जाएगी। किसान नेताओं का कहना है कि आंदोलन में पूरे देश से किसान संगठन शामिल होंगे। इसके लिए रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें