संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा (करनाल)। यूरिया खाद की किल्लत से किसान परेशान हैं। वीरवार सुबह नई अनाज मंडी स्थित बीज-दवाई मार्केट की एक निजी दुकान पर यूरिया खाद का ट्रक पहुंचा तो यहां सैकड़ों किसान पहुंच गए। जिससे अफरातफरी मच गई। हालात को देखते हुए पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस ने किसानों की लाइन लगवा कर खाद बंटवाया। किसानों ने खाद विक्रेता पर कालाबाजारी व जबरन अनावश्यक दवाई देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और लाइसेंस रद्द करने की मांग की। सूचना पर खंड कृषि अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया।
किसानों ने विक्रेता पर कई आरोप लगाते हुए लिखित में खंड कृषि अधिकारी को शिकायत दी। जिसके बाद कृषि अधिकारी डॉ. राहुल दहिया पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों से बात कर शांत किया। किसानों का कहना था कि जनता खाद भंडार पर सुबह से पांच गाड़ियां आ चुकी हैं जबकि दुकानदार कह रहा है कि ये गाड़ियां उसकी नहीं हैं। ड्राइवर से पूछा गया तो उसने पांच गाड़ियां खाद जनता खाद भंडार की होने की बात कही। मौके पर एक ही गाड़ी खड़ी मिली है।
किसानों का आरोप है कि दो कट्टों के साथ बेवजह साढ़े चार सौ रुपये की दवाइयां थोपी जा रही हैं। यदि तीन हजार की खाद किसान ले रहा है तो उसे तीन हजार की दवाई दे दी जाती है। किसान राममेहर ने खाद विक्रेता का लाइसेंस रद्द करने की मांग करते हुए लिखित शिकायत खंड कृषि अधिकारी डॉ. राहुल दहिया को दी।
जबरन नहीं दे सकते दवाइयां
खंड कृषि अधिकारी डॉ राहुल दहिया ने बताया कि किसानों ने खाद न मिलने व खाद के साथ दवाइयां देने की शिकायत की थी, इस तरह से जबरन दवाइयां नहीं दी जा सकतीं। पीओएस मशीन में जब तक एंट्री नहीं होती तब तक खाद नहीं बेच सकते। एक ट्रक पीओएस मशीन में आया है, इसको बंटवा दिया जाएगा।