गांव रिसालवा में एक किसान द्वारा आढ़ती से परेशान होकर जान देने का मामला सामने आया। सूचना पर पहुंची पुलिस को मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने मंडी के दो आढ़ती भाइयों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। पुलिस ने आढ़ती भाइयों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है।
मृतक के बेटे अक्षय ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसके पिता गुरनाम ने आढ़ती नरेश व तरसेम को करीब 35 लाख रुपये दिए हुए थे। लेकिन जब भी उसका पिता पैसे मांगने के लिए जाता था तो आढ़ती पैसे न होने की बात कह देते थे। इससे उसके पिता काफी दिनों से परेशान चल रहे थे। यही कारण है कि उसके पिता ने खेत में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। चौकी प्रभारी संजय ने बताया कि किसान की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें किसान ने असंध अनाज मंडी के नरेश और तरसेम गोयल को 35 लाख रुपये देने की बात कही है। साथ ही किसान ने अपनी मौत का जिम्मेदार दोनों आढ़ती भाइयों को ठहराया है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। साथ ही पुलिस ने गोयल ट्रेडिंग नामक फर्म के मालिक आरोपी नरेेश और तरसेम गोयल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।