संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। दोस्त बनकर बसंत विहार निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते से 15000 रुपये निकाल लिए। सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बसंत बिहार निवासी अजीत कुमार ने बताया कि 26 नवंबर को उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। उस व्यक्ति ने उसके दोस्त की आवाज में उससे बात की और फोन पर 15000 रु पये भेजने के लिए कहा। उसे यकीन हो गया कि वह उसका दोस्त है। इसके बाद उस व्यक्ति ने एक बारकोड उसके व्हाट्सएप नंबर पर भेजा। जब उसने उसे स्कैन किया तो 5 रुपये उसके खाते में आए। वह व्यक्ति बोला कि फोन पर कंफर्म करने के लिए बारकोड भेजा था। अब दोबारा बारकोड भेज रहा हूं, इसे स्कैन कर लेना 15000 आपके खाते में आ जाएंगे। जब उसने वह बारकोड स्कैन किया तो उसके खाते से 15000 कट गए। उस व्यक्ति को दोबारा फोन मिलाया लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया।