माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/कुंजपुरा। तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से पेट्रोल पंप कर्मी की मौत के सात दिन बीतने के बाद भी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। अभी तक पुलिस ने महज केस ही दर्ज किया है। दावा किया जा रहा है कि जल्द आरोपी चालक तक पुलिस पहुंच जाएगी। वाहन के पंजीकृत नंबर के आधार पर पुलिस मालिक तक पहुंच गई है, लेकिन आरोपी चालक का कुछ पता नहीं चल पाया है।
विदित हो कि 25 मई को तेज रफ्तार डंपर के मोड़ काटते समय बाइक सवार दो युवक उसकी चपेट में आ गए। हादसे में बाइक चालक पेट्रोल पंप कर्मी 20 वर्षीय रजत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दूसरा साथी कमल गंभीर रूप से घायल था। हादसा इतना भयानक था कि बाइक रेत से लोड डंपर के पिछले पहिये के नीचे फंस गई। मृतक युवक के सिर पर गहरी चोटें आने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उस समय आरोपी डंपर चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग गया। सूचना पर मौके पर पहुंची कुंजपुरा थाना पुलिस शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। साथ ही डंपर और क्षतिग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया था। लेकिन अभी तक पुलिस आरोपी चालक को काबू नहीं कर पाई है।
इस हादसे के बाद से कुंजपुरा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के लोग गुस्से में हैं। वे प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि आरोपी चालक को गिरफ्तार करते हुए सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीण अंकुश, महेश और सतीश का कहना है कि क्षेत्र में ओवरलोड और भारी वाहनों के के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। प्रशासन केवल चालानिंग तक ही सीमित है।