संवाद न्यूज एजेंसी
सनौली। यमुना में सलमान के तीन मासूम बच्चों की तलाश में जुटे प्राइवेट गोताखोर पांच दिन से इंजन बोट मशीन खराब होने से अब तैरकर बच्चों की तलाश कर रहे हैं। इससे उन्हें बच्चों को तलाश करने में परेशानी हो रही है। 3 अक्टूबर को यमुना में सलमान निवासी मोहल्ला अफगानान हाल निवासी मोहल्ला खेलकलां ने पत्नी खुशनुमा के प्रेमी साबिर के साथ फरार होने के सदमे में अपने चार बच्चों महक, शिफा, अयान और इनायत उर्फ इनायशा के साथ नदी में छलांग लगा दी थी। उसने पत्नी खुशनुमा, साबिर, हारुन, इंतजार, इस्तकार व अंजुम को वीडियो बनाकर दोषी ठहराया है।
5 अक्टूबर को बागपत के टांडा के निकट से सलमान और महक का शव बरामद हुआ था लेकिन कई दिनों से इंजन बोट खराब होने से बच्चोंं की तलाश करने में बाधा आ रही है। गोताखोर मुस्तकीम उर्फ बिल्लू तहसील में पहुंचा। जहां उसने प्रशासनिक अधिकारियों से मोटरबोट की व्यवस्था कराने और स्थायी नियुक्ति की मांग की।