फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: बिजली निगम के कार्यालय में निजीकरण के खिलाफ गरजे कर्मचारी

विज्ञापन
विज्ञापन
करनाल। बिजली वितरण व्यवस्था के निजीकरण के विरोध में बुधवार को बिजली कर्मचारियों, इंजीनियरों और किसानों ने प्रदर्शन कर सरकार के फैसले के खिलाफ रोष जताया। सेक्टर-12 स्थित बिजली निगम कार्यालय में कर्मचारियों ने हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के फैसले की प्रति जलाई। दादुपुर रोडान में भारतीय किसान यूनियन की किसान-मजदूर महापंचायत में सरकारी नोटिफिकेशन की प्रतियां जलाकर विरोध किया गया। इंद्री और गढ़ी बीरबल में भी बिजली कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर निजीकरण का फैसला वापस लेने की मांग की।
विज्ञापन

हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर कर्मचारियों ने गुरुग्राम और नूंह जिलों में इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को 25 साल के लिए समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस देने पर आपत्ति जताई। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि इससे कर्मचारियों की नौकरी, सेवा शर्तों और भविष्य पर भी असर पड़ने की आशंका है।
निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मचारियों ने बुधवार रात की शिफ्ट से हड़ताल शुरू कर दी। संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने 22 से 24 अक्तूबर तक प्रदेशव्यापी तीन दिवसीय हड़ताल का एलान किया है। मोर्चा के अनुसार, 24 अक्तूबर को हड़ताल के अंतिम दिन आगामी आंदोलन की रणनीति घोषित की जाएगी। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि लाइसेंस देने का फैसला वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
विज्ञापन

निजी कंपनियों के हवाले नहीं होने देंगे बिजली महकमा

दादुपुर रोडान स्थित मराठा भवन में आयोजित किसान-मजदूर महापंचायत में भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष रतनमान ने कहा कि बिजली महकमा किसानों और मजदूरों के पैसों से खड़ा हुआ है। इसे निजी कंपनियों के हवाले नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने निजी वितरण लाइसेंस के साथ स्मार्ट मीटर योजना और एग्री डिस्कॉम के गठन का भी विरोध किया। महापंचायत में खेड़ी नरू, घोघड़ीपुर, कतलाहेड़ी, शाहपुर, औगंद और दादुपुर के किसान शामिल हुए। इस दौरान भाकियू दादुपुर कमेटी का गठन भी किया गया।
प्रदर्शनकारी बोले, आश्वासन के बाद भी लाइसेंस
इंद्री। इंद्री और गढ़ी बीरबल में बुधवार को प्रदर्शन में प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 10 अगस्त को बिजली मंत्री ने 10 अक्तूबर तक समस्याओं का समाधान करने और लाइसेंस के मुद्दे पर बातचीत का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद लाइसेंस जारी कर दिया गया। प्रदर्शन की अध्यक्षता विशाल गुप्ता, अमन कंबोज, पृथ्वी सिंह और एसडीओ युवराज सिंह राठौर ने की। गढ़ी बीरबल में भी कर्मचारियों ने आदेश की प्रतियां जलाकर नारेबाजी की। संवाद
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें