-दृश्यता कम होने पर नियंत्रित रखें रफ्तार, हाईवे पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील, एसपी करन गोयल ने जारी की एडवाइजरी
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सर्दी की शुरुआत के साथ ही सुबह और रात में धुंध बढ़ गई है। इससे सड़क पर कम दृश्यता जानलेवा साबित हो सकती है। इसे देखते हुए पुलिस अधीक्षक करन गोयल ने वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रीय, राज्य और ग्रामीण मार्गों पर जल्दबाजी से बचने को कहा। दृश्यता कम होने पर वाहन की गति उसी के अनुरूप रखें। धुंध में ओवरटेक खतरनाक है रास्ता स्पष्ट और पर्याप्त दूरी होने पर ही सुरक्षित ओवरटेक करें। बिना संकेत दिए या गलत दिशा से ओवरटेक का प्रयास न करें। उच्च बीम अग्रदीप के बजाय निम्न बीम अग्रदीप का प्रयोग करें। वाहन में धुंध बत्ती होने पर उनका भी इस्तेमाल करें। आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें ताकि टक्कर से बचा जा सके।
बत्तियों की जांच है जरूरी
पुलिस ने वाहन चालकों को धुंध से पहले अग्रदीप, पिछली बत्ती, संकेतक और धुंध बत्ती की जांच कराने की सलाह दी है। इन बत्तियों के सही ढंग से काम करने से अन्य चालकों को आपके वाहन की स्थिति का पता चलेगा। पुलिस अधीक्षक ने जोर दिया कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। थोड़ी सी सावधानी और धैर्य से खुद के साथ दूसरों की जिंदगी भी सुरक्षित रखी जा सकती है।