नारायणगढ़। रजौली नदी से अवैध खनन करते पकड़ा गया एक ट्रैक्टर-ट्राली चालक पुलिस की मौजूदगी में खुद व ट्रैक्टर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का डर दिखाते हुए फरार हो गया। खनन अधिकारी की शिकायत पर आरोपी नवाब अली के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
खनन अधिकारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि रविवार को वे पुलिस कर्मचारियों के साथ रजौली नदी में गश्त पर थे। गश्त के दौरान उन्हें एक बिना नंबर का ट्रैक्टर अवैध खनन करते मिला। जिसे उन्होंने मौके पर पकड़ लिया। लेकिन ट्रैक्टर का चालक मौके से भाग निकला। खनन अधिकारी के अनुसार रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को लेकर जब वह शहजादपुर की ओर आ रहे थे तो गांव के बाहर मगरपुर के पास एक इनोवा गाड़ी पीछे से आकर ट्रैक्टर के आगे खड़ी हो गई। इसमें 3-4 लोग सवार थे। उस गाड़ी में से एक युवक उतरा और उसने अपने ऊपर व ट्रैक्टर-ट्राली के ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया। जब कर्मचारियों ने युवक को रोकने की कोशिश की तो उसने कर्मचारियों के ऊपर भी पेट्रोल छिड़कने की कोशिश की। हाथ में आग लगाने वाला लाईटर लेकर युवक बोला कि ‘उसका ट्रैक्टर छोड़ दो नहीं तो वह खुद को व ट्रैक्टर को आग लगा देगा।’ उसे समझाने की काफी कोशिश की गई, लेकिन वह नहीं माना और इसी बहस के दौरान वह युवक साथियों सहित मौके से ट्रैक्टर-ट्राली लेकर भाग गया।